चलती ट्रेन से धक्का देकर नाबालिग प्रेमिका की हत्या, प्रेमी समेत तीन गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– चलती ट्रेन से 14 वर्षीय नाबालिग किशोरी को धक्का देकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। दरअसल, रेलवे ट्रैक किनारे युवती का शव बरामद हुआ था। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। मृतका दो दिनों से लापता थी। जांच में बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतका के बॉयफ्रेंड सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

ट्रैक पर मिली लाश से खुला राज

मिली जानकारी के अनुसार, 29 मार्च को ग्राम किसान-परसदा स्थित रेलवे ट्रैक किनारे एक अज्ञात किशोरी का शव बरामद हुआ था। सूचना पर मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। शव की पहचान खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के चिचोला निवासी देविका वर्मा के रूप में हुई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मामा के घर से हुई थी लापता

बताया जा रहा है कि देविका 28 मार्च को पिपरिया स्थित अपने मामा के घर शादी समारोह में आई हुई थी। उसी रात वह बिना बताए अपने बॉयफ्रेंड मोहन वर्मा और उसके दो साथियों हरीश वर्मा व एक नाबालिग के साथ घर से निकल गई। परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद 29 मार्च को ठेलकाडीह थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

डोंगरगढ़ से ट्रेन में सवार, बीच रास्ते हुआ विवाद

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि चारों पहले डोंगरगढ़ पहुंचे, जहां से वे वेनगंगा एक्सप्रेस ट्रेन से कोरबा के लिए रवाना हुए। ट्रेन में सफर के दौरान किसी बात को लेकर देविका और मोहन के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की में बदल गया। आरोप है कि इसी दौरान गुस्से में आकर मोहन वर्मा ने नाबालिग को चलती ट्रेन से नीचे धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शव अगले दिन मस्तूरी क्षेत्र के रेलवे ट्रैक पर मिला।

आरोपियों ने कबूला जुर्म

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी मोहन वर्मा का मृतका से करीब 1 साल से अफेयर था। इस दौरान वह प्रेग्नेंट भी हुई। पीड़िता आरोपी को अपने साथ रखने के लिये दबाव डाल रही थी और नही रखने पर मरने का धमकी देती थी। जिससे वह काफी परेशान हो गया था, तब उसने उसे मारने की प्लानिंग की। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

तीनों आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

खैरागढ़ पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी मोहन वर्मा, उसके साथी हरीश वर्मा और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। बता दें कि मृतका देविका कक्षा 8वीं की छात्रा थी और चार बहनों में से एक थी। उसके पिता स्थानीय हाईस्कूल में कार्यरत हैं, जबकि माता आंगनबाड़ी में काम करती हैं।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r

यह खबर भी जरुर पढ़े

रेलवे ट्रैक पर मिली युवती की लाश, दो दिन से थी लापता

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button