पति के सामने महिला से गैंगरेप, विरोध करने पर पति की बेरहमी से पिटाई, 4 आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– पति के साथ सामान लेने निकली महिला के साथ पांच युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपियों ने पति की बेरहमी से पिटाई कर उसे कुछ दूरी तक बंधक बना लिया। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं फरार आरोपी की तलाश जारी है। मामला रायगढ़ जिले के कोतरा रोड थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, 37 वर्षीय पीड़िता 4 अप्रैल की रात करीब 11.30 बजे अपने पति के साथ मेन रोड स्थित एक दुकान पर सामान खरीदने पहुंची थी। इसी दौरान ऑटो (सीजी 12 एवाई 5870) में सवार पांच युवक वहां पहुंचे और महिला को अकेला पाकर जबरन दुकान के अंदर ले जाने का प्रयास किया। पति द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने उसे पकड़कर लात-घूंसों से जमकर मारपीट की और जबरन दूर ले गए। इसके बाद आरोपियों ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए।
घटना की शिकायत मिलते ही कोतरा रोड पुलिस हरकत में आई। प्रशिक्षु डीएसपी एवं थाना प्रभारी अजय नागवंशी के नेतृत्व में टीम गठित कर ताबड़तोड़ दबिश दी गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुन्ना गिरी (27), देव कुमार उर्फ दीपक सिदार (23), जागेश्वर पटेल (32) और पिंटू निषाद (23) को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त ऑटो भी जब्त कर लिया गया है। वहीं फरार आरोपी योगेश सिदार की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
रात में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात में बाजार बंद होने के बाद सड़कों पर पुलिस पेट्रोलिंग और निगरानी बेहद कमजोर हो जाती है, जिससे इस तरह की घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। खासकर मेन रोड जैसे व्यस्त इलाकों में देर रात सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठ रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और सभी आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r











