गरियाबंद ब्रेकिंग: जंगल में मिली सड़ी-गली लाश, शिनाख्त में जुटी पुलिस

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले में उस वक्त सनसनी फैल गई जब जंगल के भीतर एक अज्ञात ग्रामीण की संदिग्ध हालत में लाश मिली। शव की हालत इतनी खराब हो चुकी थी कि उसकी पहचान कर पाना मुश्किल हो गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक जिला मुख्यालय से करीब 5 किलोमीटर दूर डोंगरीगांव बीट के कक्ष क्रमांक 563 में मेन रोड 130ब् से लगभग 100 मीटर अंदर कोड़ोहरदी मोड़ के पास जंगल में शव पड़ा मिला। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे वन विभाग के कर्मचारियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही गरियाबंद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में शव करीब 15 से 20 दिन पुराना बताया जा रहा है। शव पूरी तरह सड़-गल चुका है, जिससे मृतक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। मृतक की उम्र लगभग 60 से 65 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
मामला संदिग्ध, जांच में जुटी पुलिस
मौके से एक टी-शर्ट और लुंगी बरामद हुई है। टी-शर्ट पर “पीपल कॉल ममी पापा” लिखा हुआ है, जिसे पुलिस अहम सुराग मानकर जांच कर रही है। जंगल के भीतर संदिग्ध हालत में शव मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। आखिर मृतक कौन है और उसकी मौत कैसे हुई?
फिलहाल पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत के असल कारणों का खुलासा होगा। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और अन्य थानों में दर्ज गुम इंसानों की रिपोर्ट भी खंगाली जा रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
गरियाबंद ब्रेकिंग: गले में फंसा 11 केवी तार, बाइक समेत जिंदा जल गया युवक











