जेन्जरा में ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ संपन्न: वैज्ञानिकों ने दिए उन्नत खेती और नैनो तकनीक के गुर
कृषि, उद्यानिकी और पशुपालन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में लगा शिविर, Agristack और PM किसान योजना के तहत मौके पर ही हुए नवीन पंजीयन

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले के विकासखंड फिंगेश्वर अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत जेन्जरा में ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ के तहत एक वृहद किसान कार्यशाला सह मार्गदर्शन शिविर का सफल आयोजन किया गया। आगामी खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए आयोजित इस कार्यक्रम में कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य पालन और पशुधन विकास विभाग के आला अधिकारियों और कृषि वैज्ञानिकों ने शिरकत की।
शिविर का मुख्य उद्देश्य उन्नत कृषि तकनीकों को गांव के अंतिम किसान तक पहुँचाना और जैविक व नैनो खादों के प्रयोग से खेती की लागत को कम करना, लागत घटा कर मुनाफ़ा बढ़ाना रहा। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता और कृषि विज्ञान केंद्र की विषय वस्तु प्रमुख डॉ. शालु अब्राहम एवं कृषि महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. देवेन्द्र देवांगन ने उपस्थित किसानों को वैज्ञानिक तरीके से खेती करने की सलाह दी।
वैज्ञानिकों ने कहा कि अब पारंपरिक खेती की जगह ‘स्मार्ट कृषि’ अपनाने का समय आ गया है। उन्होंने खरीफ फसलों में कवकनाशी और कल्चर के माध्यम से शत-प्रतिशत बीजोपचार (Seed Treatment) करने की विधि का सजीव प्रदर्शन किया, जिससे फसलों को शुरुआती दौर में कीट और बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके।
नैनो यूरिया और नैनो DAP पर विशेष मार्गदर्शनकृषि विकास अधिकारी एन. के. कश्यप ने किसानों को रासायनिक उर्वरकों के अंधाधुंध उपयोग से बचने की सलाह देते हुए मिट्टी के स्वास्थ्य पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि केंद्र व राज्य सरकार द्वारा प्रमोट की जा रही नैनो यूरिया और नैनो DAP तकनीक न केवल पर्यावरण के अनुकूल है, बल्कि यह किसानों के जेब का खर्च भी बचाती है। इसके साथ ही धान के खेतों में नाइट्रोजन की प्राकृतिक आपूर्ति के लिए नील हरित शैवाल (Blue-Green Algae) और हरी खाद (ढेंचा/सनई) के उपयोग पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
मौके पर ही हुआ पंजीयन
शासन की महत्वाकांक्षी योजना ‘Agristack’ के बारे में जानकारी देते हुए विभागीय अधिकारियों ने बताया कि आने वाले समय में सभी किसानों का डिजिटल डेटाबेस तैयार किया जा रहा है। ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों द्वारा शिविर में उपस्थित दर्जनों किसानों का PM किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत मौके पर ही नवीन पंजीयन और लंबित ई-केवाईसी (e-KYC) का कार्य पूरा किया गया, ताकि आगामी किस्तों का लाभ किसानों को बिना किसी रुकावट के मिल सके।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर जेन्जरा पंचायत के उपसरपंच प्रमोद साहू एवं सहकारी समिति जेन्जरा के अध्यक्ष महेश साहू ने कृषि विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्र के किसानों का हौसला बढ़ता है।कार्यक्रम में मुख्य रूप से ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी ठाकुर राम ध्रुव, लोकेश निर्मलकर, ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी ओंकार साहू, पशुधन विभाग के तकनीकी कर्मचारीगण, जेन्जरा पंचायत के सचिव चंद्रकुमार तिवारी, रोजगार सहायक मीनेंद्र साहू तथा भृत्य झन्गु राम साहू सहित क्षेत्र के सैकड़ों प्रगतिशील किसान और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











