अस्पताल पहुंचाने वाले दोस्त की सिर कुचलकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार; शराब नहीं मिली तो कड़े और ईंट से किया हमला

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिस दोस्त को घायल हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, उसी ने कुछ घंटों बाद अपने ही साथी का सिर कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। सीमेंट पोल तोड़ने की बात पर विवाद हुआ, फिर शराब नहीं मिलने से नाराज आरोपी ने कड़े और ईंट से सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला रायगढ़ जिले के कोतरारोड़ थाना क्षेत्र का है।
जानिए पूरा मामला
दरअसल, 15 मई 2026 की सुबह सीतापुर स्थित सामुदायिक शौचालय के पास ग्रामीणों ने एक युवक का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। शव के आसपास खून फैला था और पास में खून से सनी ईंट और पत्थर पड़े मिले। युवक का चेहरा, सिर, गर्दन और कंधा बुरी तरह कुचला हुआ था। सूचना मिलते ही कोतरारोड़ पुलिस, एफएसएल और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे। मृतक की पहचान भगवानपुर निवासी तिलक वर्मा (21) के रूप में हुई। मृतक के भाई पियूष वर्मा ने बताया कि तिलक 14 मई की रात घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। अगले दिन उसकी हत्या की खबर मिली।
सीमेंट पोल तोड़ने की बात पर हुआ विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना वाली रात टावर मैदान में तिलक वर्मा और उसके दोस्त अमन कुमार बसोड़ (21) के बीच सीमेंट पोल तोड़ने की बात को लेकर विवाद हुआ था। बात इतनी बढ़ी कि दोनों के बीच मारपीट हो गई। मारपीट में अमन की शर्ट फट गई, जिसके बाद तिलक ने उसे अपना टी-शर्ट पहनने के लिए दिया। इसके बाद दोनों गांव के बोरिंग के पास पहुंचे, जहां फिर झगड़ा हुआ और दोनों घायल हो गए। हैरानी की बात यह रही कि झगड़े के बावजूद तिलक अपने दोस्त अमन को इलाज के लिए जिला अस्पताल तक लेकर गया।
शराब नहीं मिली, फिर भड़क उठा खूनी गुस्सा
अस्पताल से निकलने के बाद दोनों बाइक से सीतापुर पहुंचे और शराब की तलाश करने लगे। देर रात शराब नहीं मिलने पर दोनों सामुदायिक भवन के पास बैठ गए। यहीं पुरानी बातों को लेकर दोनों के बीच फिर बहस शुरू हो गई। पुलिस के मुताबिक गुस्से में आकर अमन ने अपने हाथ में पहने लोहे के कड़े से तिलक के चेहरे पर कई वार किए। हमला होते ही तिलक जमीन पर गिर पड़ा।
इसके बाद आरोपी ने पास पड़ी ईंट उठाकर तिलक के सिर, गर्दन और शरीर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही तिलक की मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी अपने कुछ दोस्तों को घटना की जानकारी देकर फरार हो गया।
बहन के घर से गिरफ्तार
घटना के बाद से अमन बसोड़ फरार था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपनी बहन के घर छातामुड़ा आया हुआ है। पुलिस टीम तत्काल रवाना हुई और पुराने बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल लोहे का कड़ा और घटना के समय पहने कपड़े जब्त किए हैं। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
युवक की बेरहमी से हत्या: पत्थर-ईंट से कुचला सिर











