राजिम क्षेत्र में जंगली सुअर का शिकार, वन विभाग ने मारा छापा, दो आरोपी गिरफ्तार, चार फरार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजिम इलाके के आरक्षित वन क्षेत्र में वन्यप्राणियों के अवैध शिकार का मामला सामने आया है। वन विभाग की टीम ने जंगल में दबिश देकर जंगली सुअर का शिकार कर रहे शिकारी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान एक जंगली सुअर का शव बरामद हुआ है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि चार आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार 22 मई 2026 की सुबह लगभग 9 बजे वन रक्षी की टीम आरक्षित वन टेका क्रमांक 468 एवं 694 में गश्त पर निकली थी। टीम जब सुरक्षा श्रमिकों के साथ जंगल पहुंची, तब वहां छह शिकारी अपने पालतू कुत्तों के सहारे एक नर जंगली सुअर को घेरकर उसका शिकार कर रहे थे। कुत्तों ने जंगली सुअर को बुरी तरह नोच डाला था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वन अमले को देखते ही शिकारी भागने लगे।

दो आरोपी गिरफ्तार, चार फरार

इस दौरान चार आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि दो आरोपियों को मौके पर दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भुनेश्वर देवार पिता रमेश देवार तथा कृष्णा देवार पिता भूपेन्द्र देवार दोनों निवासी तर्रा, तहसील राजिम थाना पाण्डुका के रूप में हुई है।

वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई

वन विभाग ने मौके से जंगली सुअर का शव, शिकार में प्रयुक्त लाठियां तथा छोटा हाथी पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 04 एनएच 0150 जब्त किया। घटनास्थल पर पंचनामा और जप्ती कार्रवाई पूरी कर दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9, 39, 50, 51 एवं 52 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें गरियाबंद जेल भेज दिया गया। फरार चार आरोपियों की तलाश में वन विभाग लगातार दबिश दे रहा है।

इस पूरी कार्रवाई में वनक्षेत्रपाल बद्रीनाथ ध्रुव, उपवनक्षेत्रपाल नरोत्तम साहू, उपवनक्षेत्रपाल मनीष कुमार वर्मा, वनरक्षक टोमन लाल साहू तथा सुरक्षा श्रमिकों की विशेष भूमिका रही।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

वन विभाग की बड़ी कार्रवाई : बाघ और तेंदुए के शिकार में शामिल डिप्टी रेंजर सहित 9 आरोपी गिरफ्तार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button