दर्दनाक हादसे में 6 लोगों की मौत: ट्रैक्टर से टकराई बाइक, 4 चचेरे भाइयों की मौत; कार ने 2 ग्रामीणों को रौंदा

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रविवार की रात सड़क हादसों ने छह परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। दो भीषण सड़क हादसों में 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। एक हादसे में ट्रैक्टर से टकराकर चार चचेरे भाइयों ने दम तोड़ा, तो कहीं तेज रफ्तार कार ने दो ग्रामीणों को कुचल दिया। हादसों के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। घटना सरगुजा संभाग के लखनपुर और सनावल थाना क्षेत्र का है।
ट्रैक्टर से भिड़ी बाइक, 4 चचेरे युवकों की मौत
चार युवक एक ही बाइक पर सवार होकर साप्ताहिक बाजार डिंडा से अपने घर लौट रहे थे। तभी सनावल क्षेत्र के ग्राम पीपरपान के पास सुंदरपुर मोड़ के आगे ईंट से लदे ट्रैक्टर से उनकी बाइक जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। मृतक सभी चचेरे भाई बताए जा रहे हैं और एक ही परिवार से थे।
जानकारी के मुताबिक सभी पंडो जनजाति समुदाय से थे, जिन्हें राष्ट्रपति का दत्तक पुत्र माना जाता है। घटना को लेकर प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक प्रेमचंद यादव वाहन रोकने के बजाय घायलों को करीब 100 मीटर तक घसीटता ले गया। बाद में वह घायलों को सड़क किनारे छोड़कर ट्रैक्टर का इंजन अलग कर फरार हो गया।
परिजनों का आरोप है कि समय पर इलाज मिलता तो चारों युवकों की जान बच सकती थी। एक साथ चार युवकों की मौत की खबर मिलते ही गांव में चीख-पुकार मच गई। अस्पताल और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कार ने 2 ग्रामीणों को कुचला
दूसरी घटना लखनपुर थाना क्षेत्र का है। जजगा के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो ग्रामीणों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक कई मीटर तक सड़क पर घिसटते चले गए। सिर में गंभीर चोट लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान जय सिंह (50) और रामकुमार (60), निवासी महुआटिकरा के रूप में हुई है। दोनों मेहमानी में जजगा आए थे और रात करीब 10 बजे अपने गांव लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
हाइवा ने बाइक सवार युवक को कुचला, मौके पर मौत; गुस्साए ग्रामीणों ने किया चक्काजाम











