जमीन रजिस्ट्री के नाम पर करोड़ों की ठगी, भुगतान किए बिना हड़प ली 1.90 करोड़ की जमीन

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जमीन रजिस्ट्री के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपी ने जमीन खरीदने के नाम पर पहले भरोसा जीतकर रजिस्ट्री कराई, फिर भुगतान किए बिना ही जमीन अपने नाम पर नामांतरण करा लिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला बिलासपुर जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार गोडपारा स्थित साईं मंदिर के पास रहने वाली 60 वर्षीय मंजूलता आनंद अपने भतीजे प्रतीक आनंद के साथ सिविल लाइन थाना पहुंचीं और लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने बताया कि उनकी दादी के नाम पर मौजा तालापारा स्थित खसरा नंबर 254/35 की 2180 वर्गफुट जमीन का सौदा भारतीय नगर निवासी अंकित कुमार एक्का के साथ हुआ था।
आरोप है कि 19 मार्च 2026 को उक्त जमीन की रजिस्ट्री दस्तावेज क्रमांक सीजी-2025-26-116-1-3785 के माध्यम से कुल 1 करोड़ 90 लाख 86 हजार रुपये में की गई। रजिस्ट्री के दौरान आरोपी ने भुगतान के लिए चार चेक देने और पूरी राशि खाते में जमा कराने का भरोसा दिलाया था।
रजिस्ट्री पूरी होने के बाद करा लिया नामांतरण
पीड़िता के अनुसार रजिस्ट्री पूरी होने के बाद आरोपी ने जमीन का नामांतरण भी अपने नाम पर करा लिया, लेकिन आज तक उनके खाते में एक रुपये तक जमा नहीं हुआ। आरोप है कि अब आरोपी उनसे मिलने और बातचीत करने से भी बच रहा है। पीड़िता ने पुलिस से रजिस्ट्री निरस्त करने और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सिविल लाइन पुलिस ने मामले को प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी मानते हुए आरोपी अंकित कुमार एक्का के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अब रजिस्ट्री दस्तावेज, बैंक लेनदेन और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











