हाईवा ने बाइक सवार को कुचला, युवक की मौके पर मौत, आक्रोशित भीड़ ने शव उठाने से किया इनकार, पुलिसकर्मी और एंबुलेंस चालक से मारपीट

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। गुस्साए लोगों ने शव उठाने का विरोध करते हुए 112 वाहन और एक निजी एंबुलेंस में तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई भी हुई, जिसमें एक उप निरीक्षक (एसआई) तथा एंबुलेंस चालक घायल हो गए। घटना धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार मगरलोड क्षेत्र के भैंसमुंडी निवासी लीलाराम साहू अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से धमतरी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान उमरदा गांव के पास एक तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि लीलाराम साहू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
ग्रामीणों ने किया विरोध
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने शव उठाने से इनकार करते हुए सड़क पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और स्थिति नियंत्रण से बाहर होने लगी। स्थिति संभालने के लिए मौके पर पहुंची डायल 112 और वंदे मातरम सेवा परिवार की निजी एंबुलेंस को भी ग्रामीणों के गुस्से का सामना करना पड़ा।
पुलिस से भी भिड़े प्रदर्शनकारी, SI घायल
आरोप है कि कुछ उग्र लोगों ने एंबुलेंस में तोड़फोड़ की, वाहन को नुकसान पहुंचाया और चालक के साथ हाथापाई की। घटना से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आक्रोशित भीड़ ने पुलिसकर्मियों का भी विरोध किया। हालात संभालने के दौरान उग्र भीड़ ने पुलिसकर्मी पर हमला कर दिया। इस दौरान एक उप निरीक्षक घायल हो गए।
फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है। वहीं उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की बात कही जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











