शादीशुदा महिला से दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर 6 साल तक किया शोषण, 35 लाख रुपये और जेवरात ऐंठे, आरोपी गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– शादीशुदा महिला से दुष्कर्म और ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पीड़िता का अश्लील वीडियो बनाकर वर्षों तक उसका शारीरिक शोषण और ब्लैकमेल कर करीब 35 लाख रुपये की अवैध वसूली कर ली। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामला रायगढ़ जिले के महिला थाना का है।
जानकारी के अनुसार सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम बंजारी निवासी अनिल ईजारदार (32 वर्ष) और पीड़िता हाईस्कूल के दिनों से एक-दूसरे को जानते थे। वर्ष 2013 में महिला की शादी हो गई थी और दोनों का संपर्क टूट गया था। बाद में 2019 में आरोपी ने फेसबुक के जरिए दोबारा संपर्क साधा और व्हाट्सएप पर बातचीत शुरू कर दी।
कार में किया दुष्कर्म
शिकायत के मुताबिक 25 दिसंबर 2020 को महिला चंद्रपुर बस स्टैंड पर अपने मायके जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थी। तभी आरोपी वहां पहुंचा और उसे घर छोड़ने का झांसा देकर अपनी कार में बैठा लिया। रास्ते में गांव के पास एक खेत की ओर ले जाकर आरोपी ने कार के अंदर महिला से दुष्कर्म किया और चोरी-छिपे उसका अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद आरोपी ने वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने तथा पति और परिवार को भेजने की धमकी देकर महिला को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया
6 वर्षों तक शोषण, लाखों रुपये की वसूली का आरोप
महिला ने आरोप लगाया कि बदनामी के डर से वह लंबे समय तक आरोपी के दबाव में रही। इस दौरान आरोपी ने उसे धमकाकर कई बार शारीरिक शोषण किया और किस्तों में नकदी तथा जेवरात सहित लगभग 35 लाख रुपये वसूल लिए। पीड़िता का कहना है कि आरोपी की मांगें लगातार बढ़ती जा रही थीं और मानसिक प्रताड़ना इतनी बढ़ गई थी कि वह गंभीर तनाव में रहने लगी।
आरोपी गिरफ्तार, कार और मोबाइल जब्त
आखिरकार महिला ने साहस जुटाकर महिला थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 64(2)(उ), 351(3) और 308(2) के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार और मोबाइल फोन जब्त कर लिया है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











