ब्राह्मण समाज नवापारा की जनसेवा में नया विस्तार: मोक्ष रथ के बाद अब शव फ्रीजर की सुविधा, सभी वर्गों के लिए उपलब्ध
समाज ने दिखाई मानव सेवा की मिसाल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नवापारा नगर के विप्र भवन में शनिवार को एक सादे एवं गरिमामय समारोह के दौरान शव फ्रीजर (पार्थिव शरीर संरक्षण फ्रीजर) का लोकार्पण किया गया। यह शव फ्रीजर स्वर्गीय गेंदलाल मिश्रा की स्मृति में उनके नाती-पोतों अमित मिश्रा एवं राहुल शर्मा द्वारा विप्रकुल नवापारा ब्राह्मण समाज को भेंट किया गया।
इस अवसर पर ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष प्रसन्न शर्मा ने कहा कि किसी भी परिवार में मृत्यु होने पर दूर-दराज में रहने वाले परिजनों के आने तक पार्थिव शरीर को सुरक्षित रखने की आवश्यकता होती है। ऐसे समय में शव फ्रीजर अत्यंत उपयोगी सिद्ध होता है। समाज को प्रदान किया गया यह शव फ्रीजर जरूरतमंद परिवारों के लिए राहत का माध्यम बनेगा और मानवीय सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करेगा।
उन्होंने बताया कि समाज द्वारा उपलब्ध कराई गई यह सुविधा केवल ब्राह्मण समाज तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नवापारा-राजिम सहित आसपास के किसी भी गांव, वर्ग, जाति, समुदाय अथवा परिवार को आवश्यकता पड़ने पर इसका उपयोग करने की सुविधा मिलेगी। इससे शोक की घड़ी में लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
समर्पण का प्रेरणादायक उदाहरण

उल्लेखनीय है कि गत 19 अप्रैल को भगवान श्री परशुराम जयंती के अवसर पर विप्रकुल नवापारा ब्राह्मण समाज द्वारा शहरवासियों के लिए मोक्ष रथ का लोकार्पण राजभाषा आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा के करकमलों से किया गया था। अब शव फ्रीजर की उपलब्धता से अंतिम संस्कार से जुड़ी आवश्यक सेवाओं का दायरा और अधिक मजबूत हो गया है।
कार्यक्रम में उपस्थित समाजजनों ने स्व. गेंदलाल मिश्रा परिवार द्वारा किए गए इस योगदान की सराहना करते हुए कहा कि समाज के प्रति उनकी यह श्रद्धांजलि लंबे समय तक जनहित में कार्य करती रहेगी। उन्होंने इसे सेवा, संवेदना और सामाजिक समर्पण का प्रेरणादायक उदाहरण बताया।
समाज के अध्यक्ष प्रसन्न शर्मा ने कहा कि मोक्ष रथ और शव फ्रीजर दोनों सुविधाएं आमजन के लिए उपलब्ध रहेंगी। ब्राह्मण समाज की यह पहल जनसेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को दर्शाती है। मोक्ष रथ के बाद शव फ्रीजर की व्यवस्था यह संदेश देती है कि सामाजिक संगठन केवल धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों तक सीमित न रहकर मानव सेवा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम में ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष प्रसन्न शर्मा, पूर्व अध्यक्ष श्यामकिशोर शर्मा, समाजसेवी कैलाश शुक्ला, पालिका के पूर्व सभापति रमेश तिवारी, राहुल शर्मा, अमित मिश्रा, मनहरण शर्मा, कैलाश तिवारी, गुड्डू मिश्रा, दिनेश तिवारी, पीयूष शर्मा, महिला ब्राह्मण समाज की अध्यक्ष रेखा तिवारी, कोषाध्यक्ष सुभाषिनी शर्मा, तनु मिश्रा सहित समाज के पदाधिकारी, वरिष्ठजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
इस अवसर पर शव फ्रीजर उपलब्ध कराने वाले राहुल शर्मा एवं अमित मिश्रा का समाज की ओर से स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) भेंट कर सम्मान किया गया। ब्राह्मण समाज की इस जनकल्याणकारी पहल को शहर में व्यापक सराहना मिल रही है। जरूरतमंदों की सहायता के लिए उपलब्ध कराई गई यह सुविधा निश्चित रूप से समाज के लिए एक अनुकरणीय एवं मानव सेवा से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











