जन्मदिन की रात घर से निकली युवती: तीन दिन बाद रेत में दफन मिली लाश; बॉयफ्रेंड समेत संदिग्धों से पूछताछ कर रही पुलिस

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवती का शव नाले की रेत में दफन मिला। युवती दो दिन पहले जन्मदिन की रात घर से अचानक लापता हो गई थी। शव की स्थिति देखकर ग्रामीणों और पुलिस के भी होश उड़ गए। युवती के सिर पर धारदार हथियार के निशान मिले हैं। मामला महासमुंद जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र का है।
जन्मदिन की रात निकली, फिर कभी घर नहीं लौटी
जानकारी के अनुसार झारा गांव निवासी भारती टंडन (18 वर्ष) 19 जून को अपना 18वां जन्मदिन मनाया था। परिजनों के मुताबिक जन्मदिन की रात करीब 3 बजे वह घर से अचानक लापता हो गई थी। इसके बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
परिजनों के अनुसार भारती ने हाल ही में 11वीं की परीक्षा उत्तीर्ण कर 12वीं कक्षा में प्रवेश लिया था। वह तीन बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी। परिवार का कहना है कि उसका एक युवक के साथ प्रेम संबंध होने की चर्चा थी। आशंका जताई जा रही है कि जन्मदिन की रात वह उसी युवक से मिलने घर से निकली होगी, लेकिन इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला।
रेत में दफन मिली लाश, बाहर निकला था शरीर का हिस्सा
20 जून को परिजनों ने खल्लारी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी, इस बीच ग्रामीणों ने गांव से कुछ दूरी पर स्थित रामखेड़ा झारा नाला के पास रेत से बाहर निकले मानव शरीर के हिस्से को देखा। मौके से तेज दुर्गंध भी आ रही थी। सूचना मिलते ही खल्लारी पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।
रेत हटाने पर युवती का शव बरामद हुआ। शव का आधा हिस्सा रेत में दबा था जबकि कुछ हिस्सा बाहर निकल आया था। पैर के पंजों को जंगली जानवर नोच चुके थे। घटनास्थल से युवती की चप्पल, बालों का गुच्छा और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी मिले। कुछ दूरी पर उसकी लेगिंग्स भी बरामद की गई।
टूटी मिली खोपड़ी
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। डॉक्टरों के अनुसार युवती के सिर पर करीब 6 इंच लंबा और गहरा घाव मिला है। हमला इतना जोरदार था कि उसकी खोपड़ी तक टूट गई। इसके अलावा जांघों पर गहरे खरोंच के निशान पाए गए हैं। दुष्कर्म की आशंका को देखते हुए डॉक्टरों ने आंतरिक अंगों और अन्य जैविक नमूनों को सुरक्षित कर फॉरेंसिक जांच के लिए रायपुर भेज दिया है। अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही दुष्कर्म की पुष्टि हो सकेगी।
प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह?
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए युवती के संपर्क में रहने वाले चार युवकों को हिरासत में लिया है। इनमें वह युवक भी शामिल है, जिसके साथ भारती के प्रेम संबंध होने की चर्चा थी। फिलहाल पुलिस संदिग्धों के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (ब्क्त्), लोकेशन और सोशल मीडिया गतिविधियों के अलावा सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम व फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
गरियाबंद ब्रेकिंग: पति-पत्नी की हत्या कर दफनाया शव, ऐसे खुला राज, भाई-भतीजे गिरफ्तार











