पार्क में बुलाकर प्रेमिका की बेरहमी से हत्या, गले में घोंपा चाकू, मरने से पहले कागज पर लिखा कातिल का नाम

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक युवक ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी। आरोपी ने दूसरे युवक से संबंध होने के शक में गले में चाकू घोंप दिया। गंभीर रूप से घायल युवती ने दम तोड़ने से पहले कागज पर आरोपी का नाम लिखकर पुलिस को अहम सुराग दिया, जिसके आधार पर पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामला सूरजपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

पार्क में मिलने बुलाया, फिर गले पर किया जानलेवा हमला

जानकारी के अनुसार, रितेश राजवाड़े ने अपनी प्रेमिका राधिका राजवाड़े (19) को रविवार शाम सूरजपुर के नेहरू पार्क में मिलने बुलाया। बातचीत के दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि रितेश को राधिका के किसी अन्य युवक से बातचीत करने का शक था। इसी बात से नाराज होकर उसने चाकू से राधिका के गले पर हमला कर दिया। वार इतना गंभीर था कि चाकू गले के आर-पार हो गया।

खून से लथपथ हालत में दौड़ी, अस्पताल में तोड़ा दम

हमले के बाद राधिका जान बचाने के लिए कुछ दूर तक दौड़ी, लेकिन खून अधिक बहने के कारण पार्क में ही गिर पड़ी। स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

लिखकर बता गई आरोपी का नाम

गले में गंभीर चोट होने के कारण राधिका बोलने की स्थिति में नहीं थी। पुलिस पूछताछ के दौरान उसने इशारे से कागज और पेन मांगा और उस पर हमलावर का नाम लिख दिया। यह जानकारी पुलिस जांच का महत्वपूर्ण आधार बनी।

CCTV फुटेज से आरोपी गिरफ्तार

घटना के बाद पुलिस ने पार्क और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मौके से जुटाई गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की। बाद में उसे रेलवे ट्रैक के पास से हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने हत्या के बाद एक पर्चा भी छोड़ा था, जिसमें उसने वारदात की जिम्मेदारी ली थी।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रितेश और राधिका के बीच प्रेम संबंध था। आरोपी को शक था कि राधिका किसी दूसरे युवक से भी बातचीत करती है। पुलिस का कहना है कि हत्या के कारणों और घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

शराब पार्टी के बाद प्रेमिका की हत्या, पेट्रोल से जलाया शव, आरोपी युवक गिरफ्तार, दूसरी महिला से संबंध के शक में हुआ विवाद

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button