मूंछ पर ताव देने के विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, मृतक के शरीर पर मिले 20 से अधिक फ्रैक्चर, पिता-पुत्र गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। मूंछ पर ताव देने और गला काटने का इशारा करने की बात को लेकर पिता-पुत्र ने एक 30 वर्षीय युवक की लोहे के पाइप से बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल युवक की रायपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला बालोद जिले के देवरी थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार मृतक हितेश सिन्हा 30 वर्ष और गांव के ही हीरामन सिन्हा के परिवार के बीच वर्ष 2022 से विवाद चला आ रहा था। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ कई बार थाने में शिकायतें और एफआईआर दर्ज कराई गई थीं। इसी पुरानी रंजिश के चलते 28 जुलाई की शाम विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
बताया जा रहा है कि हितेश अपने रिश्तेदार गौरव सिन्हा और साथी प्रकाश निषाद के साथ बाइक से जा रहा था। शाम करीब छह बजे ग्राम खैरा के तालाब के पास हीरामन सिन्हा और उसका पुत्र कामेंद्र सिन्हा सामने से बाइक पर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने जानबूझकर हितेश की बाइक को टक्कर मार दी, जिससे तीनों सड़क पर गिर गए। इसके बाद पिता-पुत्र ने लोहे के पाइप से हितेश पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपियों ने उसके हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों पर लगातार वार किए। बीच-बचाव करने पहुंचे गौरव सिन्हा पर भी हमला किया गया, जिससे वह भी घायल हो गया।
इलाज के दौरान मौत

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल हितेश को पहले देवरी अस्पताल तथा बाद में रायपुर रेफर किया गया। करीब 18 घंटे तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद 29 जुलाई को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर में 20 से अधिक फ्रैक्चर पाए जाने की जानकारी सामने आई है।
पूछताछ में आरोपी हीरामन सिन्हा ने पुलिस को बताया कि घटना से कुछ घंटे पहले हितेश ने उसे देखकर मूंछ पर ताव दिया और गला काटने का इशारा किया था। इसी बात से नाराज होकर उसने बेटे के साथ मिलकर हमला किया। आरोपी ने खेत में फसल को नुकसान पहुंचाने के आरोप भी लगाए हैं। हालांकि पुलिस पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था, लेकिन इलाज के दौरान युवक की मौत होने के बाद प्रकरण में हत्या की धारा जोड़ दी गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस पुरानी रंजिश और दोनों पक्षों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
अभनपुर ब्रेकिंग: जेठ ने हंसिया से बहू पर किया जानलेवा हमला, खून से लथपथ जमीन पर गिरी, आरोपी गिरफ्तार











