देर रात बर्थडे पार्टी: पुलिस से धक्का-मुक्की के आरोप में 3 युवतियों समेत 7 गिरफ्तार, गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रायपुर जिले में देर रात छत पर तेज आवाज में गाने बजाकर बर्थडे पार्टी करना सात युवक-युवतियों को महंगा पड़ गया। रात करीब 3 बजे शोर-शराबे की शिकायत पर पहुंची पुलिस के साथ कथित धक्का-मुक्की, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप में 4 युवक और 3 युवतियों को गिरफ्तार किया गया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गांधीनगर स्थित कालीबाड़ी इलाके में प्रताप तांडी के मकान की छत पर देर रात बर्थडे पार्टी चल रही थी। आसपास के लोगों ने तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजने और हंगामे की शिकायत पुलिस कंट्रोल रूम में की। सूचना मिलने पर पुलिस पहली बार मौके पर पहुंची और पार्टी में मौजूद लोगों को समझाइश देकर साउंड सिस्टम बंद करा दिया।

पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की

हालांकि कुछ समय बाद उसी स्थान से फिर तेज आवाज में गाने बजने की शिकायत मिलने पर पुलिस टीम दोबारा मौके पर पहुंची। पुलिस का आरोप है कि इस बार साउंड सिस्टम बंद कराने के दौरान वहां मौजूद युवक-युवतियों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की, अभद्र भाषा का प्रयोग किया। घटना में कुछ पुलिसकर्मियों को चोट भी आई।

घटना के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 4 युवक और 3 युवतियों को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

रायपुर पुलिस ने इस घटना के बाद स्पष्ट चेतावनी दी है कि देर रात सार्वजनिक शांति भंग करना, तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाकर लोगों को परेशान करना तथा पुलिस के साथ अभद्र व्यवहार या शासकीय कार्य में बाधा डालना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

युवक और महिला को कमरे में भेजकर बनाया अश्लील वीडियो, फिर शुरू हुआ ब्लैकमेलिंग का खेल, महिला गिरफ्तार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button