नवापारा में 3 दिवसीय पार्थिव शिवलिंग निर्माण का हो रहा आयोजन, 9 अगस्त को निकलेगी भव्य पालकी यात्रा, डमरू वादन और अखाड़ा रहेगा आकर्षण
शाम 6 बजे होगी महाआरती, शिवभक्तों से शामिल होने की अपील

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– श्रावण मास के पावन अवसर पर नवापारा-राजिम में भगवान महाकाल की भव्य पालकी यात्रा एवं तीन दिवसीय पार्थिव शिवलिंग निर्माण महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। अंतिम दिन धार्मिक आस्था और भक्ति से ओतप्रोत 9 अगस्त 2026 (रविवार) को दोपहर 3:30 बजे भगवान महाकाल की भव्य पालकी यात्रा निकाली जाएगी।
नवापारा नगर के वार्ड 11 स्थित परमेश्वरी मंदिर में तीन दिवसीय पार्थिव शिवलिंग निर्माण और पूजन का आयोजन किया जा रहा है। जिसका शुभारंभ 7 अगस्त को किया गया। आज दूसरे दिन सैंकड़ों शिव भक्तों ने इस कार्यक्रम में शामिल होकर पुण्य लाभ लिया। कल 9 अगस्त को इस कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।

समापन कार्यक्रम में भगवान महाकाल की सुसज्जित पालकी नगर भ्रमण करेगी। यात्रा के दौरान भगवान शिव के जयघोष, भजन-कीर्तन, धूमाल, डमरू वादन और धार्मिक प्रस्तुतियों से पूरा नगर शिवमय वातावरण में सराबोर रहेगा। श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में पालकी यात्रा में शामिल होकर भगवान भोलेनाथ की आराधना करेंगे। यात्रा के पश्चात नेहरू गार्डन में भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा। महाआरती शाम 6 बजे होगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
आकर्षण का केंद्र

आयोजन समिति ने बताया कि इस धार्मिक महोत्सव में महादेवी धूमाल, डीजे लाइन-अप, दर्शन म्यूजिक, पुन्नी साउंड, डमरू वादन तथा भव्य शक्ति अखाड़ा जैसी विशेष प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इन धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भगवान शिव की महिमा का गुणगान किया जाएगा।
समिति के सदस्यों ने बताया कि महाकाल पालकी यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और जनआस्था का प्रतीक है। आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और नगर में उत्साह का माहौल है। आयोजन समिति ने नगर एवं आसपास के सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











