ब्रेकिंग: घटारानी में हुआ हादसा, झरने के ऊपर से गिरा युवक, पुलिस ने किया रेस्क्यू

प्रतिबंध के बावजूद वाटरफॉल के ऊपर पहुंचा था युवक, बेहोशी की हालत में अस्पताल में कराया गया भर्ती

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल घटारानी वाटरफॉल में रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। प्रशासनिक प्रतिबंधों के बावजूद झरने के ऊपर पहुंचे एक युवक का अचानक पैर फिसल गया और वह नीचे जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि युवक की जान बच गई, हालांकि नीचे गिरने के बाद वह कुछ देर के लिए बेहोश हो गया।

जानकारी के अनुसार युवक अपने साथियों के साथ घटारानी वाटरफॉल घूमने पहुंचा था। इसी दौरान वह कथित तौर पर नशे की हालत में झरने के ऊपर प्रतिबंधित क्षेत्र की ओर चला गया। आगे बढ़ते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नीचे जा गिरा।  घायल युवक की पहचान खूबलाल डिमर, निवासी रावां, जिला धमतरी के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही फिंगेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद घायल युवक का रेस्क्यू किया। इसके बाद 112 वाहन की सहायता से उसे फिंगेश्वर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

17 लोगों के साथ घूमने आया था युवक

युवक के साथी के अनुसार, करीब 17 लोगों का समूह घटारानी वाटरफॉल घूमने आया था। इसी दौरान हादसे का शिकार हुआ युवक नशे की हालत में झरने के ऊपर चला गया और पैर फिसलने से नीचे गिर गया।

बताया जा रहा है कि घटारानी वाटरफॉल क्षेत्र में पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शाम 4 बजे के बाद एंट्री बंद कर दी जाती है। वहीं शाम 5 बजे के बाद आसपास क्षेत्र में घूमना भी प्रतिबंधित है। इसके बावजूद कुछ पर्यटक नियमों की अनदेखी करते हुए प्रतिबंधित क्षेत्रों में पहुंच रहे हैं। नशे की हालत में खतरनाक स्थानों पर जाने से हादसे का खतरा और बढ़ जाता है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल

घटारानी वाटरफॉल में लगातार इस तरह की घटनाएं सामने आने के बाद पर्यटकों की लापरवाही के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन द्वारा प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश रोकने और पर्यटकों को जागरूक करने के लिए और सख्ती की जरूरत महसूस की जा रही है। फिलहाल घायल युवक का अस्पताल में उपचार जारी है। घटना को लेकर फिंगेश्वर पुलिस द्वारा आवश्यक जांच की जा रही है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

पर्यटन स्थल जाने से पहले सावधान! शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर गरियाबंद पुलिस की पैनी नजर, 3 पर MV Act के तहत हुई कार्रवाई

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button