एक करोड़ की जमीन के लिए ससुर की हत्या, नदी में फेंकने जा रहे थे लाश, दामाद समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रायपुर में करीब एक करोड़ रुपये की जमीन की रकम को लेकर दामाद ने अपने साथियों के साथ मिलकर ससुर की हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को चादर में लपेटकर और जीआई तार से बांधकर टाटा मैजिक में रखा और उसे ठिकाने लगाने की कोशिश की गई, लेकिन आरोपियों की योजना कामयाब होती, उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। मामला धरसींवा थाना क्षेत्र का है।

जानिए पूरा मामला

घटना 4 सितंबर की बताई जा रही है। हत्या के बाद आरोपी शव को ठिकाने लगाने के लिए टाटा मैजिक से निकले थे। रात करीब 1.15 बजे धरसींवा पुलिस की टीम परसतराई इलाके में नहर पुलिया के पास गश्त कर रही थी। पुलिस को सामने से एक टाटा मैजिक आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय पीछे लेना शुरू कर दिया। इस हरकत से पुलिस को शक हुआ।

पूछताछ में चालक ने वाहन को रावाभाठा का बताते हुए बुकिंग में चलने की बात कही। वाहन में एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था। इसी बीच बाइक से दो युवक वहां पहुंचे। पुलिस की पूछताछ और संदिग्ध गतिविधियों के बीच टाटा मैजिक चालक ने अचानक वाहन दौड़ा दिया।

अंधेरे में भाग निकले आरोपी

पुलिस ने संदिग्ध वाहन का पीछा शुरू किया। कुछ दूर जाने के बाद शीतला मंदिर के पास चालक ने टाटा मैजिक रोक दी। इसके बाद चालक और उसके साथ मौजूद व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों की ओर भाग निकले। पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ने की कोशिश की, लेकिन दोनों फरार होने में कामयाब रहे। इसके बाद पुलिस ने जब टाटा मैजिक की तलाशी ली तो अंदर का दृश्य देखकर पुलिस भी हैरान रह गई।

चादर के बाहर निकला था पैर, मिली लाश

वाहन के भीतर एक व्यक्ति को चादर में लपेटकर रखा गया था। चादर से एक पैर बाहर दिखाई दे रहा था। पुलिस ने चादर खोलकर देखा तो उसके भीतर एक व्यक्ति का शव मिला। शव को इस तरह बांधकर ले जाने से साफ हो गया कि मामला सामान्य नहीं, बल्कि हत्या और शव को ठिकाने लगाने की थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्च्यूरी में रखवाया और उसकी पहचान तथा आरोपियों की तलाश शुरू की।

टाटा मैजिक पर लिखे नंबर से खुला राज

पुलिस ने टाटा मैजिक पर दर्ज मोबाइल नंबर की जांच की। नंबर रावाभाठा निवासी संजय चौहान उर्फ मोरध्वज से जुड़ा मिला। जांच आगे बढ़ी तो मृतक की पहचान मोहन निषाद पिता स्व. रामप्रसाद निषाद के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने मृतक के परिवार, रिश्तेदारों और परिचितों से पूछताछ शुरू की। इसी दौरान पारिवारिक विवाद और जमीन की रकम का मामला सामने आया।

पैसों को लेकर हत्या

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक मोहन निषाद और उसके बड़े दामाद हेमराज निषाद उर्फ भूरी के बीच पारिवारिक विवाद और आए दिन झगड़ा-विवाद होता था। इसी विवाद के बीच जमीन की रकम को लेकर भी दोनों के बीच तनातनी चल रही थी। बताया गया है कि मोहन निषाद ने हाल ही में करीब एक करोड़ रुपये की जमीन बेची थी। इसी रकम में हिस्से या पैसों की मांग को लेकर दामाद हेमराज का ससुर से विवाद चल रहा था।

दामाद और साथियों ने रची हत्या की साजिश

पुलिस के अनुसार हेमराज निषाद उर्फ भूरी ने अपने साथियों रोहित निषाद और संजय चौहान उर्फ मोरध्वज के साथ मिलकर मोहन निषाद की हत्या की साजिश रची। आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से मोहन को निशाना बनाया और उसकी हत्या कर दी। इसके बाद हत्या के सबूत मिटाने और शव को ठिकाने लगाने के लिए उसे जीआई तार से बांधा गया और चादर में लपेट दिया गया। शव को टाटा मैजिक वाहन में रखकर ठिकाने लगाने ले जाया जा रहा था।

रायपुर पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट, थाना उरला, खमतराई, धरसींवा और सिलतरा पुलिस की संयुक्त टीम सक्रिय की। आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश और घेराबंदी की गई। पुलिस का दबाव बढ़ने के बाद आखिरकार हत्या के मामले में फरार तीनों आरोपियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने तीनों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है।

निशानदेही पर एक्टिवा और गमछा बरामद

विवेचना के दौरान आरोपी रोहित निषाद की निशानदेही पर मृतक का एक्टिवा वाहन और घटना में प्रयुक्त गमछा बरामद किया गया है। वहीं, शव को ले जाने में इस्तेमाल किया गया टाटा मैजिक वाहन पहले ही धरसींवा पुलिस द्वारा जब्त किया जा चुका है।

दामाद समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मृतक के दामाद हेमराज निषाद उर्फ भूरी पिता पवन निषाद (30 वर्ष) निवासी रावांभाठा और उसके साथी रोहित निषाद पिता स्व. धनीराम निषाद (19 वर्ष) निवासी रावांभाठा और संजय चौहान उर्फ मोरध्वज पिता रेवाराम चौहान (31 वर्ष) निवासी रावांभाठा को गिरफ्तार किया है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

आधी रात टाटा मैजिक का पीछा, गाड़ी छोड़कर भागे दो संदिग्ध, तलाशी के दौरान मिली लाश, मचा हड़कंप, जानिए पूरा मामला

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button