तेंदुआ महिला को घर के बाहर से उठा ले गया, एक किमी दूर मिला शव
सड़कपारसुली वन परिक्षेत्र के हाटमोहा गांव की घटना, वन विभाग और पुलिस मौके पर, पीएम की तैयारी
(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) किशन सिन्हा:- सड़कपारसुली वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम हाटमोहा में मंगलवार सुबह तेंदुए के हमले से एक बुजुर्ग महिला की मौत की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि महिला सुबह घर से दिशा-शौच के लिए निकली थी। इसी दौरान घर के बाहर से तेंदुआ उसे उठाकर जंगल की ओर ले गया।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। काफी तलाश के बाद महिला का शव गांव से करीब एक किलोमीटर दूर मिला। मृतका की पहचान उकरी बाई भुंजिया, पति जोहर सिंह भुंजिया, उम्र करीब 70 वर्ष के रूप में बताई गई है। घटना थाना पीपरछेड़ी क्षेत्र की बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर शव को बरामद कर घटना की जांच की जा रही है। वन विभाग की टीम द्वारा तेंदुए के हमले की परिस्थितियों और घटनास्थल का निरीक्षण किया जा रहा है।
फिलहाल शव के पोस्टमार्टम की तैयारी की जा रही है। घटना के बाद हाटमोहा सहित आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और वन विभाग से आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।











