वन्यजीव तस्करी के खिलाफ हुई कार्रवाई : 6 संदिग्ध हिरासत में, मां और नवजात पैंगोलिन समेत बाघ की हड्डियां-कैनाइन दांत जब्त

ऑपरेशन सेफ पैसेज 3.0 के तहत हुई कार्रवाई

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) गरियाबंद :– वन्यजीव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महाराष्ट्र–तेलंगाना सीमा के पास जिमेला क्षेत्र में संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। 26 सितंबर को खुफिया सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में छह संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। टीम ने मौके से दो जीवित पैंगोलिन, जिनमें एक मां और उसका नवजात बच्चा शामिल है, के अलावा 43 संदिग्ध बाघ की हड्डियां, दो बाघ के कैनाइन दांत और तीन मोटरसाइकिलें जब्त की हैं।

यह कार्रवाई वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो (WCCB), राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI), उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व (USTR) और आलापल्ली वन प्रभाग की संयुक्त टीम ने की।

जिमेला समेत कई इलाकों में कार्रवाई

खुफिया सूचना मिलने के बाद टीम ने महाराष्ट्र के जिमेला, आलापल्ली, कोकोपाडा, गोमनीटोला और कोन्सरी क्षेत्र में कार्रवाई की। अधिकारियों के अनुसार, जब्त की गई तीन मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल कथित तौर पर वन्यजीवों से जुड़ी अवैध सामग्री के परिवहन में किया जा रहा था।

मां और नवजात पैंगोलिन को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। वहीं बाघ की हड्डियों और कैनाइन दांतों को आगे की जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।

वन्यप्राणी अपराध का मामला दर्ज

मामले में आलापल्ली वन परिक्षेत्र के तहत वन्यप्राणी अपराध क्रमांक 08120/202986 दर्ज किया गया है। जब्त सामग्री को आगे की जांच और फोरेंसिक परीक्षण के लिए सुरक्षित रखा गया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि जब्त वन्यजीव अवशेष कहां से आए और इनके पीछे किसी बड़े तस्करी नेटवर्क की भूमिका है या नहीं।

ऑपरेशन सेफ पैसेज 3.0 के तहत कार्रवाई

यह कार्रवाई उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन सेफ पैसेज 3.0 तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संचालित ऑपरेशन थंडर 2026 के व्यापक प्रवर्तन अभियान से जुड़ी है। अभियान का उद्देश्य वन्यजीव एवं वानिकी अपराधों के खिलाफ खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान, अंतरराज्यीय समन्वय और लक्षित कार्रवाई को मजबूत करना है।

ऑपरेशन थंडर 2026 आगामी 14 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। इसे INTERPOL और World Customs Organization (WCO) के समन्वय से संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत संगठित वन्यजीव तस्करी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई के साथ विभिन्न देशों की एजेंसियों के बीच समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

तेंदुए की खाल की तस्करी: वन विभाग ने खरीदार बनकर तस्करों से किया संपर्क, 9 आरोपी गिरफ्तार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button