रायपुर में 25 करोड़ की फिरौती मांगने वाले आरोपी का पर्दाफाश, रकम नहीं देने पर परिवार समेत हत्या की दी थी धमकी, शोएब ढेबर गिरफ्तार

विदेशी नंबर से WhatsApp पर भेजे थे धमकी भरे संदेश, 5 आईफोन जब्त

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजधानी रायपुर में 25 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और रकम नहीं देने पर कारोबारी व उसके परिवार की हत्या की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी शोएब ढेबर को खम्हारडीह क्षेत्र से पकड़ा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए पांच आईफोन भी जब्त किए हैं, जिनकी कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है। मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। 

पुलिस के अनुसार, कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा ने 14 सितंबर 2026 को थाना तेलीबांधा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके मोबाइल फोन पर विदेशी नंबर से WhatsApp के माध्यम से धमकी भरे संदेश भेजे गए। संदेश भेजने वाले व्यक्ति ने खुद को अमन साहू गैंग से जुड़ा बताया और 25 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की।

रकम नहीं देने पर हत्या की धमकी

आरोपी ने कथित तौर पर फिरौती की रकम नहीं देने पर प्रार्थी, उनके पुत्र अजीत और परिवार के अन्य सदस्यों की हत्या करने की धमकी दी। साथ ही रायपुर और तेलीबांधा क्षेत्र में हत्या करवाने की धमकी भी दी गई। धमकी भरे संदेशों के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 403/26 के तहत धारा 308(4), 351(3) और 351(4) बीएनएस में मामला दर्ज किया।

तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर जांच के लिए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना तेलीबांधा की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने प्रार्थी के मोबाइल पर आए विदेशी नंबर, उससे जुड़े अन्य मोबाइल नंबरों, WhatsApp संदेशों, वीडियो और डिजिटल इनपुट का बारीकी से विश्लेषण किया।

तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल नंबरों की कड़ियों को आपस में जोड़ते हुए पुलिस ने आरोपी की पहचान शोएब ढेबर, निवासी खम्हारडीह, रायपुर के रूप में की। इसके बाद पुलिस टीम ने उसकी पतासाजी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में घटना को अंजाम देना बताया

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी शोएब ढेबर ने उक्त घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। उसके कब्जे से घटना से संबंधित पांच आईफोन बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 5 लाख रुपये है। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों की मॉनिटरिंग में हुई कार्रवाई

पूरी कार्रवाई पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले तथा पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य जोन) तारकेश्वर पटेल की सतत मॉनिटरिंग में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने की।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शोएब ढेबर पिता अनवर ढेबर, उम्र 26 वर्ष, निवासी पॉम बेलाजियो फ्लैट नंबर 803 बी, थाना खम्हारडीह, रायपुर के रूप में हुई है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

युवती ने युवक को कॉल कर रात में मिलने बुलाया, आपत्तिजनक वीडियो बनाकर मांगे 17 लाख, जानिए पूरा मामला

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button