आकांक्षा टोप्पो गिरफ्तार, कोर्ट पहुंचते ही जुटे समर्थक; पुलिस बल तैनात
अकील अहमद भी FIR में नामजद, भाजपा नेता धीरज सिंह के खिलाफ भी केस

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– पुलिस ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक और समाज पर नकारात्मक प्रभाव डालने वाली टिप्पणी के मामले में पुलिस ने यह कार्रवाई की है। मेडिकल जांच के बाद अंबिकापुर पुलिस ने उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के मुताबिक, आकांक्षा टोप्पो और होली क्रॉस कॉलेज के व्याख्याता अकील अहमद अंसारी के खिलाफ दो दिन पहले कोतवाली थाने में अपराध दर्ज किया गया था। शिकायत में सोशल मीडिया पर कथित तौर पर आपत्तिजनक, अश्लील और गाली-गलौज वाली सामग्री प्रसारित करने तथा सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाले कंटेंट के आरोप लगाए गए हैं। वहीं रिपोर्ट में दुष्कर्म पीड़िता की पहचान और निजता उजागर करने से जुड़े कथित वीडियो का भी उल्लेख करने की बात सामने आई है।
आकांक्षा टोप्पो और अकील अहमद के खिलाफ दो दिन पहले कोतवाली थाने में FIR दर्ज हुई थी। पुलिस ने दोनों के खिलाफ BNS की धारा 196(1), 352 और 353(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
आकांक्षा की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में भाजपा समर्थित लोग कोर्ट परिसर पहुंच गए। हंगामे की आशंका को देखते हुए सीएसपी राहुल बंसल समेत पुलिस बल तैनात किया गया। वहीं सर्व आदिवासी समाज ने आकांक्षा टोप्पो की गिरफ्तारी का विरोध किया है। समाज की ओर से गिरफ्तारी को लेकर आपत्ति जताते हुए कलेक्टोरेट पहुंचकर विरोध दर्ज कराने की तैयारी की बात सामने आई है।
भाजपा नेता धीरज सिंह से विवाद के बाद बढ़ा मामला
आकांक्षा टोप्पो की शिकायत पर भाजपा नेता धीरज सिंह के खिलाफ भी FIR दर्ज है। उन पर पीछा करने, धमकी देने और जातिसूचक टिप्पणी करने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने मामले में SC-ST एक्ट की धाराएं भी लगाई हैं।
आकांक्षा टोप्पो इससे पहले भी सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर विवादों में रह चुकी हैं। दिसंबर 2025 में सीतापुर पुलिस ने मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और विधायक रामकुमार टोप्पो को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में उन्हें गिरफ्तार किया था। बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी।
फिलहाल अंबिकापुर के ताजा मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है। आकांक्षा टोप्पो को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया न्यायालय के आदेश के अनुसार होगी। वहीं पुलिस धीरज सिंह समेत अन्य नामजद लोगों से जुड़े आरोपों की भी जांच कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
सोशल मिडिया इंफ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो गिरफ्तार, इस मामले में की गई कार्रवाही











