चॉइस सेंटर में घुसकर युवक पर जानलेवा हमला, क्रिकेट बैट से सिर पर ताबड़तोड़ वार, तीन आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रायपुर में अपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। पुरानी रंजिश को लेकर फिर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। चॉइस सेंटर में मौजूद युवक पर बदमाशों ने क्रिकेट बैट से जानलेवा हमला कर दिया। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी के कब्जे से पिस्टल बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपियों का जुलूस भी निकाला है। मामला गुढ़ियारी इलाके का है।
चॉइस सेंटर में घुसकर किया हमला
मिली जानकारी के अनुसार, अमन गुप्ता गुढ़ियारी स्थित चॉइस सेंटर में मौजूद था। इसी दौरान पुराने विवाद को लेकर कुणाल सिंह अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा और अमन से गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपियों ने क्रिकेट बैट से उसके सिर पर कई वार किए। हमले में अमन के सिर और दाहिने हाथ में चोटें आईं। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची सरोज गुप्ता के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। घटना के जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मुख्य आरोपी के पास मिली पिस्टल, बाइक भी जब्त
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 10 अक्टूबर को मुख्य आरोपी कुणाल सिंह और उसके साथी अनुराग किरनापुरे (24) तथा संदीप दास (27) को गिरफ्तार किया। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी कुणाल सिंह के कब्जे से पिस्टल बरामद हुई। इसके बाद उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 में अलग से मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने पिस्टल के साथ बाइक भी जब्त की है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस द्वारा आरोपियों का मोहल्ले में जुलूस भी निकाला गया।
आदतन अपराधी है मुख्य आरोपी
पुलिस के मुताबिक, कुणाल सिंह के खिलाफ पहले से पांच एफआईआर दर्ज हैं। नाबालिग उम्र में भी उसके विरुद्ध गंभीर अपराध दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
VIDEO
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











