जिला स्तरीय युवा उत्सव में बिखरे छत्तीसगढ़ी लोककला और संस्कृति के रंग, युवाओं ने दिखाई प्रतिभा, इन्होंने बनाया स्थान
युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा मिले तो देश की प्रगति तय : सांसद बृजमोहन अग्रवाल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) रायपुर :– छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककला, संस्कृति और परंपराओं के रंगों से राजधानी रायपुर सराबोर नजर आई। जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 में युवाओं ने अपनी कला, प्रतिभा और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया। लोकगीतों की मधुर धुनों, पारंपरिक लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियों और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से युवाओं ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया।
छत्तीसगढ़ शासन के तत्वावधान में जिला प्रशासन रायपुर तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त आयोजन में जे.एन. पाण्डेय शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नलघर चौक में जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल एवं विधायक सुनील सोनी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि युवा अवस्था जोश, उत्साह और ऊर्जा से भरपूर होती है। यदि युवाओं की इस ऊर्जा को सही दिशा और अवसर मिले तो देश की प्रगति सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि युवा उत्सव जैसे आयोजन युवाओं की छिपी प्रतिभा को सामने लाने और उनकी रचनात्मक क्षमताओं को विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं।
सांसद ने दी बधाई

सांसद श्री अग्रवाल ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विधायक सुनील सोनी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोककला और सांस्कृतिक परंपराएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं। युवा उत्सव में प्रतिभागियों का उत्साह और उनकी शानदार प्रस्तुतियां इस बात का प्रमाण हैं कि हमारी सांस्कृतिक विरासत का भविष्य सुरक्षित हाथों में है।
युवा उत्सव के दौरान लोकगायन, लोकनृत्य, नुक्कड़ नाटक, कविता, चित्रकला एवं पारंपरिक वेशभूषा सहित विभिन्न विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक सरोकारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
इन्होंने बनाया स्थान
लोकगायन प्रतियोगिता में वीणा म्यूजिकल ग्रुप ने प्रथम तथा न्यासा साहू एवं साथियों ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। लोकनृत्य प्रतियोगिता में योगेश कुर्रे एवं साथियों ने प्रथम तथा साकेत कुर्रे एवं साथियों ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में सृजन ग्रुप प्रथम और विवेकानंद विद्या पीठ द्वितीय स्थान पर रहा। कविता प्रतियोगिता में काजल वर्मा ने प्रथम तथा निखिल क्षत्रिय ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार चित्रकला प्रतियोगिता में नैना निषाद प्रथम एवं टिकेश्वरी देवांगन द्वितीय स्थान पर रहीं। पारंपरिक वेशभूषा प्रतियोगिता में प्रियंका ध्रुव ने प्रथम तथा खुशबू बंजारे ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए जिला खेल अधिकारी प्रवेश जोशी ने आयोजन की रूपरेखा एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं में युवाओं की सहभागिता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागी आगामी राज्य स्तरीय युवा उत्सव में शामिल होकर रायपुर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। कार्यक्रम के अंत में अपर कलेक्टर अभिलाषा पैकरा ने आभार प्रदर्शन किया।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
अग्निवीरों को दो वर्ष की अतिरिक्त सेवा का अवसर देने का निर्णय अभिनंदनीय : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय











