हॉस्टल की दूसरी मंजिल से छात्र ने लगाई छलांग, रीढ़ और पैर की हड्डी टूटी; असिस्टेंट डायरेक्टर समेत 4 गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– स्कूल के हॉस्टल में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कक्षा 9वीं में पढ़ने वाले 15 वर्षीय छात्र ने हॉस्टल की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। हादसे में उसकी रीढ़ और पैर की हड्डी टूट गई। गंभीर हालत में छात्र को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है। मामले में पुलिस ने स्कूल के असिस्टेंट डायरेक्टर, हॉस्टल वार्डन, HR और मार्केटिंग हेड समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
हॉस्टल में नहीं रहना चाहता था छात्र
जानकारी के मुताबिक, बलरामपुर जिले के चलगली थाना क्षेत्र निवासी छात्र अंबिकापुर के सरगवां स्थित बिरला ओपन माइंड्स स्कूल में कक्षा 9वीं का विद्यार्थी है। परिजनों ने उसे स्कूल के हॉस्टल में रखा था। पिता अरुण कुमार गुप्ता के अनुसार, 22 नवंबर को बेटा हॉस्टल से निकलकर घर पहुंच गया और फोन कर बताया कि उसे वहां अच्छा नहीं लग रहा है तथा वह हॉस्टल में नहीं रहना चाहता।
इसके बाद छात्र अपनी बुआ के घर चला गया। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने स्कूल प्रबंधन से बच्चे को उनके आने तक वहीं रहने देने की बात कही थी, लेकिन प्रबंधन के कर्मचारी उसे वापस हॉस्टल ले आए।
कमरे में बंद करने और धमकी देने का आरोप
पिता का आरोप है कि छात्र को हॉस्टल वापस लाने के बाद उससे उठक-बैठक कराई गई और कमरे में बंद कर दिया गया। उसे दोबारा भागने पर हाथ-पैर तोड़ने की धमकी भी दी गई। इसी से परेशान होकर छात्र ने कमरे के रोशनदान से छलांग लगा दी। परिजनों का कहना है कि छात्र के हॉस्टल छोड़ने और वापस लाए जाने की जानकारी उन्हें नहीं दी गई थी।
असिस्टेंट डायरेक्टर समेत चार गिरफ्तार
गांधीनगर पुलिस ने मामले में असिस्टेंट डायरेक्टर सूरज मित्तल, मार्केटिंग हेड उत्कर्ष, हॉस्टल वार्डन अवधेश शर्मा और HR कुणाल को गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ BNSकी विभिन्न धाराओं और किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 के तहत कार्रवाई की गई है।
हॉस्टल प्रबंधन की जिम्मेदारी पर उठे सवाल
सेवानिवृत्त प्राचार्य नित्यानंद पांडे का कहना है कि यदि कोई बच्चा हॉस्टल में नहीं रहना चाहता, तो उसकी परेशानी और डर को समझना जरूरी है। बच्चे पर दबाव बनाने या सजा देने के बजाय उससे बातचीत कर अभिभावकों और काउंसलर की मदद लेनी चाहिए। हॉस्टल जेल नहीं, बल्कि बच्चों की देखभाल और शिक्षा का स्थान है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
लॉ के छात्र ने पेट्रोल डालकर खुद को लगाई आग, चीखों से दहला हॉस्टल











