सुशासन तिहार 2026: फिंगेश्वर के ग्राम पोखरा में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का हुआ आयोजन, आवेदनों का किया गया समाधान, 20 लाख की घोषणा
शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का किया जाएगा निराकरण: प्रभारी मंत्री श्री बघेल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व पर प्रदेश में सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आम जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए 01 मई से लगातार समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर विकासखण्ड के ग्राम पोखरा में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण एवं समाधान शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित हुए।
नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याएँ, शिकायतें और मांगें संबंधित विभागों के समक्ष प्रस्तुत की। सभी विभागों द्वारा शिविर स्थल पर ही स्टॉल लगाए गए थे, जहाँ प्राप्त आवेदनों का तुरंत परीक्षण और निराकरण किया गया। शिविर में कुल 335 आवेदन प्राप्त हुए थे जिनमें से अधिकांश आवेदनों का निराकरण स्थल पर ही किया गया।
इस दौरान खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल शिविर में उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि जिले के सभी विभागीय अधिकारी अपने-अपने विभाग की योजनाओं की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को दे रहे है। ताकि अधिक से अधिक लोग इन विभाग की योजनाओं का लाभ ले सकें।
योजनाओं से वंचित न रहे
उन्होंने पी.एम. सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री आवास, पीएम जनमन, पीएम उज्ज्वला, पीएम स्वामित्व सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र का कोई भी पात्र हितग्राही इन योजनाओं से वंचित न रहे। मंत्री श्री बघेल ने कहा कि शासन द्वारा सुशासन तिहार ग्रामीणों के लिए लगाई गई है। जहाँ वे अपनी समस्या, मांग, शिकायत और सुझाव निःसंकोच रख सकते हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर समस्याओं का निराकरण करें। इसमें अनावश्यक देरी न होने दें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण शिविर के उद्देश्य को समझे। शिविर में दिए गए सभी आवेदनों का निराकरण करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने किसानों के हितों पर विशेष जोर देते हुए कहा कि हमारी सरकार किसानों की वास्तविक चिंतक है।
20 लाख की घोषणा
प्रदेश में किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदकर सरकार ने किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत किया है। राज्य में अब 82 लाख राशन कार्डधारक हैं और यह सुनिश्चित किया गया है कि कोई भी परिवार भूखा न सोए। प्रभारी मंत्री श्री बघेल ने पोखरा के लिए सर्व समाज के सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 20 लाख रूपये देने कि घोषणा की।
इस दौरान महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद रूपकुमारी चौधरी ने शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता आम जनता को आसानी से सुविधाएँ उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के तहत आयोजित यह शिविर ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं और सेवाओं से जोड़ने का माध्यम है, जहाँ उन्हें बिना किसी परेशानी के अपने अधिकारों और लाभों की जानकारी मिलती है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए कार्य कर रही हैं। ताकि किसी भी नागरिक को असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएँ और शिविरों में पूरी निःसंकोच से अपनी समस्याएँ रखें।
निराकरण समय-सीमा पर करें

राजिम विधायक रोहित साहू ने सुशासन तिहार के बारे में कहा कि मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में ग्रामीणों की मांग, समस्या एवं शिकायतों के निराकरण के लिए सुशासन तिहार चलाया जा रहा है। ग्रामीणों के समस्याओं का निराकरण समय-सीमा पर करें। हमारी सरकार सभी वर्गों की चिंता करती है। इस दौरान छत्तीसगढ़ भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू ने भी संबोधित किया।
शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 04 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म अदा की गई। इसी तरह सहकारिता विभाग द्वारा 05 हितग्राहियों को केसीसी कार्ड का वितरण किया गया। मत्स्य विभाग द्वारा 02 स्व-सहायता समूह के हितग्राहियों को जाल एवं आईस बॉक्स वितरित किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 04 हितग्राहियों को वयोवृद्ध कार्ड एवं 05 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड वितरण किया गया।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष इंद्राणी साहू, उपाध्यक्ष सतीश यादव, कलेक्टर बी.एस. उइके, वनमण्डलाधिकारी शशिगानंदन के., जिला पंचायत के सीईओ प्रखर चंद्राकर, जिला पंचायत सदस्य नंदिनी साहू, वरिष्ठ नागरिक अनिल चंद्राकर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
विधायक रोहित साहू की पहल लाई रंग: खेद और संवाद से खत्म हुआ टकराव, पटवारियों ने वापस लिया बहिष्कार











