राजिम ब्रेकिंग: गहरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम भाई-बहन की मौत, पसरा मातम, घर से खेलने निकले थे
10 से 12 फीट गहरे पानी में डूबने की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :-राजिम क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया। घर के सामने खेल रहे दो मासूम बच्चों की घुरवा (गहरे गड्ढे) में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है। घटना गरियाबंद जिले के कोपरा गाँव की है।
जानकारी के अनुसार कोपरा निवासी बिसेलाल साहू के पुत्र योगेश साहू और पुत्री खुशबू साहू उम्र 5 से 6 वर्ष रोज की तरह घर के सामने खेल रहे थे। इसी दौरान वे घर से लगे घुरवा के पास पहुंच गए। आशंका है कि खेलते समय उनका पैर फिसल गया और वे लगभग 10 से 12 फीट गहरे पानी से भरे गड्ढे (घुरवा) में गिर गए, जिससे उनकी डूबने से मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि घटना दोपहर करीब एक बजे की है। काफी देर तक बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान घुरवा में दोनों बच्चों के डूबे होने की जानकारी मिली। ग्रामीणों ने तत्काल दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पूरे गाँव में शोक की लहर

घटना की सूचना मिलते ही पांडुका पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए राजिम भेजा। पुलिस प्रारंभिक जांच में इसे डूबने से हुई मौत मानकर विवेचना कर रही है। एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की मौत से पूरे गाँव में शोक की लहर है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
दर्दनाक हादसा: तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चियों की मौत, गांव में पसरा मातम











