रायपुर के होटल में सेक्स रैकेट! व्हाट्सएप पर भेजी जाती थीं लड़कियों की तस्वीरें, ‘रेट’ और ‘टाइम’ पर होती थी डील
कमल विहार के होटल स्काई में पुलिस की दबिश, कई संदिग्ध हिरासत में
(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजधानी रायपुर में ऑनलाइन देह व्यापार के कथित बड़े नेटवर्क का खुलासा होने से सनसनी फैल गई है। कमल विहार सेक्टर-7बी स्थित होटल स्काई पर पुलिस की दबिश के बाद कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। आरोप है कि होटल के कर्मचारी और दलाल व्हाट्सएप के जरिए युवतियों की तस्वीरें भेजकर ग्राहकों से सौदेबाजी करते थे और फिर होटल में कमरे उपलब्ध कराए जाते थे।
मामले के सामने आते ही राजधानी में हड़कंप मच गया है। सोशल मीडिया पर वायरल चैट और स्क्रीनशॉट्स ने होटल की गतिविधियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
व्हाट्सएप चैट से खुला कथित खेल
सूत्रों के मुताबिक, ग्राहकों को पहले व्हाट्सएप पर युवतियों की तस्वीरें भेजी जाती थीं। इसके बाद “कौन पसंद है”, “कितने घंटे”, “रूम तैयार है” और “रेट क्या रहेगा” जैसी बातचीत होती थी। बताया जा रहा है कि युवतियों के लिए 3 हजार रुपए से लेकर 12 हजार रुपए तक की डील तय होती थी। ग्राहक फाइनल होने के बाद होटल में कमरा उपलब्ध कराया जाता था। आरोप है कि पूरा नेटवर्क सोशल मीडिया, व्हाट्सएप कॉल और ऑनलाइन माध्यमों के जरिए संचालित किया जा रहा था।
लंबे समय से चल रही थीं संदिग्ध गतिविधियां
स्थानीय लोगों का कहना है कि होटल में लंबे समय से संदिग्ध लोगों की आवाजाही बनी हुई थी। देर रात अलग-अलग गाड़ियों से युवतियों और युवकों के आने-जाने की चर्चा इलाके में पहले से थी। रहवासियों का आरोप है कि कई बार शिकायतें भी की गईं, लेकिन गंभीर कार्रवाई नहीं होने से मामला दबा रहा।
मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सबूत जब्त
लगातार मिल रही शिकायतों और वायरल चैट के बाद पुलिस टीम ने होटल स्काई में दबिश दी। छापेमारी के दौरान कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने मौके से मोबाइल फोन, दस्तावेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं। जांच टीम अब इस कथित नेटवर्क से जुड़े दलालों, होटल प्रबंधन और सप्लाई चेन में शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी हैं।
वायरल स्क्रीनशॉट्स से मचा बवाल
इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहे कथित स्क्रीनशॉट्स में युवतियों की तस्वीरों के साथ रेट और टाइम को लेकर बातचीत दिखाई दे रही है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इन चैट्स की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिर भी सोशल मीडिया पर मामला तेजी से वायरल होने के बाद राजधानी में चर्चा का बाजार गर्म है।
जांच के बाद होगी कड़ी कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले को गंभीरता से लिया गया है। वायरल चैट, तस्वीरों और होटल से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, यदि जांच में अनैतिक गतिविधियों की पुष्टि होती है तो होटल संचालकों और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही राजधानी के होटल और लॉज में जांच अभियान और तेज किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











