आरंग में विवाहिता की संदिग्ध मौत: पिता ने पति पर लगाया हत्या का आरोप, जांच में जुटी पुलिस

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के पिता ने अपने दामाद पर हत्या का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है। मामला रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र का है

आरंग शहर के वार्ड क्रमांक-14 स्थित शनि मंदिर के पास रहने वाली पुष्पा सोनकर की कुएं में गिरने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका के पिता ने इसे हादसा मानने से इनकार करते हुए अपने दामाद भोला सोनकर पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। 

20 साल पहले हुई थी शादी

मृतका के पिता रामधार सोनकर के अनुसार, लगभग 20 वर्ष पूर्व पुष्पा का विवाह भोला सोनकर से हुआ था। दंपति के चार बच्चे हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पिछले करीब तीन वर्षों से भोला सोनकर का दूसरी महिला से अवैध संबंध था, जिससे उसका एक वर्ष का बच्चा भी है। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद होता था। परिजनों का आरोप है कि भोला अक्सर पुष्पा के साथ मारपीट करता था और उसे जान से मारने की धमकियां देता था।

झगड़े के बाद कुएं में गिरने की सूचना मिली

परिजनों के अनुसार, घटना से एक रात पहले भोला सोनकर घर नहीं लौटा था। मृतका की 18 वर्षीय बेटी का कहना है कि 31 जुलाई की सुबह करीब 5 बजे भोला घर पहुंचा और पुष्पा से उसका विवाद हुआ। आरोप है कि इसके बाद वह उसे घर के पीछे स्थित बाड़ी की ओर ले गया। करीब सुबह 8.15 बजे भोला ने मृतका के भाई गोविंदा को फोन कर बताया कि पुष्पा कुएं में गिर गई है।

सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो पुष्पा गंभीर हालत में कुएं के पास मिली। उसे पहले आरंग के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

तैरना जानती थी, हादसा नहीं हो सकता

मृतका के पिता और अन्य परिजनों का कहना है कि पुष्पा को अच्छी तरह तैरना आता था। ऐसे में उसका अचानक कुएं में गिर जाना उन्हें संदिग्ध लग रहा है। उनका आरोप है कि दूसरी महिला से संबंधों में बाधा बनने के कारण भोला सोनकर ने ही पुष्पा को कुएं में धक्का देकर उसकी हत्या की।

FIR और निष्पक्ष जांच की मांग

मृतका के परिजनों ने 2 अगस्त को आरंग थाने में लिखित आवेदन देकर आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने, पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और गहन जांच कराने तथा दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

जांच में जुटी पुलिस

आरंग पुलिस का कहना है कि परिजनों से आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, उपलब्ध साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

अभनपुर ब्रेकिंग : तालाब किनारे संदिग्ध हालत में मिली चौकीदार की लाश, इस बात की जताई जा रही आशंका

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button