पाण्डुका थाना क्षेत्र के नहर में बहते मिले 17 संदिग्ध पैकेट, पुलिस जुटी जांच में, इस बात की जताई जा रही आशंका

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले के पाण्डुका क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब नहर में एक के बाद एक बहते हुए 17 संदिग्ध पैकेट नजर आए। प्रारंभिक आशंका है कि इन पैकेटों में गांजा भरा हुआ है। सूचना मिलते ही पाण्डुका पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार मोहतरा से अतरमरा के बीच स्थानीय लोगों ने नहर में बहते हुए कई पैकेट देखे, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पैकेटों को कब्जे में लिया और जांच प्रारंभ की। यह नहर नेशनल हाईवे-130 से लगभग 5 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
प्राथमिक अनुमान के अनुसार, कुल 17 पैकेटों में लगभग 68 किलो से अधिक गांजा हो सकता है, जिसकी बाजार कीमत करीब 7 लाख रुपए आंकी जा रही है। पुलिस को आशंका है कि गांजा तस्करों ने पुलिस की बढ़ती मुस्तैदी और धरपकड़ अभियान को देखते हुए बचने के लिए यह खेप नहर में फेंक दी होगी।
तस्करों में डर का माहौल

क्षेत्र में लगातार चल रही नशे के खिलाफ कार्रवाई के चलते तस्करों में डर का माहौल बना हुआ है। इसी कारण तस्करों द्वारा सबूत मिटाने के उद्देश्य से गांजा के पैकेट नहर में बहा देने की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि पैकेट किसने और कब नहर में फेंके। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/HqB01UmKLQKLHvftVnzBd1











