थाने के सामने टॉवर पर चढ़कर महिला ने लगाई फांसी, घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा, समझाइश के बावजूद मौत को लगाया गले

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां थाना परिसर के सामने स्थित वायरलेस टॉवर पर चढ़कर 22 वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि महिला अपने बच्ची के दस्तावेज बनाने के लिए इधर-उधर भटक रही थी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और थाना परिसर के बाहर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। मामला जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार ग्राम धुमाडांड निवासी निलिमा लकड़ा (22) लंबे समय से मानसिक तनाव से जूझ रही थी और पहले भी आत्महत्या का प्रयास कर चुकी थी। परिजनों के मुताबिक वह मोबाइल पर अक्सर आत्महत्या से जुड़े वीडियो देखा करती थी। निलिमा सोमवार को अपनी 4 साल की बेटी का आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए इधर-उधर भटक रही थी। वह अपनी मां के साथ अस्पताल भी गई थी, लेकिन इसी दौरान अचानक लापता हो गई। परिजन पूरी रात उसकी तलाश करते रहे।

मंगलवार तड़के सुबह निलिमा ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को अपनी जानकारी दी। इसके कुछ ही देर बाद वह कुनकुरी थाना परिसर के सामने लगे करीब 100 फीट ऊंचे वायरलेस टॉवर पर चढ़ गई।

घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन, फिर टॉवर पर ही लगा ली फांसी

घटना की सूचना मिलते ही कुनकुरी पुलिस, नगर सेना, डीडीआरएफ और नगर पंचायत की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और बचाव दल लगातार युवती को समझाने और सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश करते रहे। अधिकारियों ने उसे बातों में उलझाकर समय लेने का प्रयास भी किया, लेकिन काफी मशक्कत के बावजूद युवती नहीं मानी। देखते ही देखते उसने टॉवर पर ही दुपट्टे का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। यह भयावह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग सन्न रह गए।

मौके पर पहुंचे आला अधिकारी

घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी राकेश पटनवार, एसडीएम नंद जी पांडे और एसडीओपी विनोद कुमार मंडावी सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। टॉवर की ऊंचाई अधिक होने के कारण शव को नीचे उतारने में भी भारी परेशानी हुई। करीब 3 से 4 घंटे तक कड़ी मशक्कत के बाद शव नीचे उतारा गया और पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

पति की मौत का सदमा नहीं सह पाई पत्नी, दो दिन बाद फांसी लगाकर की आत्महत्या

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button