पेट्रोल-डीजल के दामों में बड़ा झटका, 3-3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी; आने वाले दिनों में और महंगे हो सकते हैं ईंधन के दाम

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर अब सीधे भारत की जनता की जेब पर दिखाई देने लगा है। मध्य पूर्व में बिगड़ते हालात के बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल आया है, जिसके बाद देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी कर दी गई है। गुरुवार सुबह आम लोगों को बड़ा झटका देते हुए तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल दोनों के दामों में 3-3 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि कर दी।
नई दरें आज 15 मई से लागू हो गई हैं। राजधानी दिल्ली में अब पेट्रोल 97.77 रुपए प्रति लीटर और डीजल 90.67 रुपए प्रति लीटर बिकेगा। इससे पहले दिल्ली में पेट्रोल 94.77 रुपए और डीजल 87.67 रुपए प्रति लीटर था। करीब दो साल बाद ईंधन की कीमतों में यह बड़ी बढ़ोतरी की गई है।
CNG भी हुई महंगी
पेट्रोल-डीजल के साथ-साथ CNG की कीमतों में भी इजाफा किया गया है। देश के प्रमुख शहरों में CNG करीब 2 रुपए प्रति किलो तक महंगी हो गई है। दिल्ली में अब एक किलो CNG के लिए लोगों को 79.09 रुपए खर्च करने होंगे।
क्यों बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम?
विशेषज्ञों के अनुसार इस बढ़ोतरी की सबसे बड़ी वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार तेजी है। ईरान-अमेरिका तनाव और मध्य पूर्व में युद्ध जैसे हालात बनने के बाद वैश्विक बाजार में क्रूड ऑयल की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं।
जानकारी के मुताबिक, तनाव शुरू होने से पहले जहां कच्चे तेल की कीमत करीब 70 डॉलर प्रति बैरल थी, वहीं अब यह 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है। इससे तेल कंपनियों पर भारी आर्थिक दबाव बढ़ गया था। कंपनियों का कहना है कि बढ़ती लागत और घाटे की भरपाई के लिए कीमतों में वृद्धि जरूरी हो गई थी।
और महंगे हो सकते हैं पेट्रोल-डीजल
ऊर्जा विशेषज्ञों का मानना है कि यदि मध्य पूर्व में तनाव और बढ़ता है तथा कच्चे तेल की कीमतें लंबे समय तक ऊंचे स्तर पर बनी रहती हैं, तो आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है। इसका असर परिवहन, खाद्य पदार्थों और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ेगा।
देशभर में बढ़ी चिंता, लोगों ने शुरू की फुल टैंकिंग
ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी और संभावित संकट की आशंकाओं के बीच कई राज्यों में पेट्रोल पंपों पर भीड़ बढ़ने लगी है। लोग अपनी गाड़ियों की टंकियां फुल करा रहे हैं। कई जगह अतिरिक्त पेट्रोल-डीजल जमा करने की कोशिश भी देखी गई है।
हालांकि सरकार और तेल कंपनियों ने स्पष्ट किया है कि देश में फिलहाल ईंधन की कोई कमी नहीं है और सप्लाई सामान्य बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और अनावश्यक घबराहट से बचने की अपील की है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











