चरित्र संदेह में पत्नी की हत्या: कुल्हाड़ी से काट दिया गला, थाने पहुंचकर आरोपी बोला-“अति का अंत कर दिया”

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां चरित्र संदेह में पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी घर में ताला लगाकर सीधे थाने पहुंच गया और पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल करते हुए कहा- “मैंने अति का अंत कर दिया।” घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मामला कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र का है।

गले और सिर पर ताबड़तोड़ वार

जानकारी के अनुसार बरहामुड़ा निवासी रामाशंकर यादव (35) अपनी पत्नी पूर्णिमा यादव (30) के चरित्र पर शक करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि विवाद के कारण पूर्णिमा पिछले तीन माह से अपने मायके ग्राम मुनगाडीह में रह रही थी। गुरुवार को पूर्णिमा स्कूटी से अपने ससुराल पहुंची थी। इसी दौरान पति-पत्नी के बीच फिर विवाद शुरू हो गया। गुस्से में आकर रामाशंकर ने पहले एक बच्चे को साइकिल पंचर बनवाने के बहाने बाहर भेजा और बाकी बच्चों को खेलने के लिए घर से दूर कर दिया।

इसके बाद उसने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और पत्नी के गले व सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमला इतना खौफनाक था कि पूर्णिमा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घर के भीतर खून से लथपथ शव पड़ा रहा और आरोपी घर में ताला लगाकर निकल गया।

थाने पहुंचकर किया सरेंडर

वारदात के बाद आरोपी सीधे थाना पहुंचा। शुरुआत में पुलिस को उसकी बात मजाक लगी, लेकिन जब उसने विस्तार से हत्या की कहानी बताई तो पुलिस टीम तुरंत उसके साथ गांव पहुंची। ग्रामीणों को भी घटना की जानकारी नहीं थी। बाद में बच्चे से चाबी मंगवाकर घर का ताला खोला गया, जहां भीतर पूर्णिमा यादव का रक्तरंजित शव पड़ा मिला। यह दृश्य देखकर गांव में हड़कंप मच गया।

“जिस पर शक था, उसे मारने भी गया था”

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि उसकी पत्नी के कई लोगों से अवैध संबंध थे। उसने कहा कि एक सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी समेत तीन लोगों पर उसे शक था। आरोपी ने यह भी बताया कि वह उस व्यक्ति को मारने भी गया था, जिस पर उसे सबसे ज्यादा संदेह था, लेकिन वह नहीं मिला। हालांकि मृतका के मायके पक्ष ने इन आरोपों को खारिज किया है। मृतका के पिता का कहना है कि पूर्णिमा पीलिया बीमारी के कारण मायके में रहकर इलाज करा रही थी।

तीन बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़

इस खौफनाक वारदात ने तीन मासूम बच्चों की जिंदगी उजाड़ दी। मां की हत्या और पिता की गिरफ्तारी के बाद बच्चों के सिर से माता-पिता दोनों का साया उठ गया। बताया जा रहा है कि सबसे बड़े बच्चे की उम्र करीब 10 वर्ष है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। पड़ोसी और ग्रामीण घटना को लेकर स्तब्ध हैं।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

पाली थाना प्रभारी नागेश तिवारी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली गई है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

सोशल मीडिया से सीखा ‘क्राइम प्लान’, फिर भाभी को कुल्हाड़ी से काट डाला, रेप दिखाने के लिए फाड़ दिए कपड़े, लेकिन खुल गया पूरा राज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button