महिला वकील ने बनाया शादी का दबाव, शादीशुदा प्रेमी ने जंगल ले जाकर की हत्या; चेहरा कुचला, कपड़े फाड़े

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जंगल में मिली जूनियर महिला अधिवक्ता की क्षत-विक्षत लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में मृतका के शादीशुदा प्रेमी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने शादी का दबाव बढ़ने पर सुनसान जंगल में ले जाकर पहले प्रेमिका का गला दबाया, फिर पत्थर और चाकू से बेरहमी से हत्या कर दी। इतना ही नहीं, हत्या के बाद उसने मृतका के मोबाइल से उसकी आवाज में परिजनों और सहेलियों से बात कर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश भी की। मामला रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र का है।

फेसबुक की ‘डीपी’ से खुला शादीशुदा प्रेमी का राज

पुलिस के मुताबिक सक्ति जिले के चारपारा गांव निवासी 30 वर्षीय लोकनाथ पटेल की पहचान सोशल मीडिया के जरिए लैलूंगा निवासी जूनियर महिला वकील आराधना सिदार से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया। लोकनाथ पहले से शादीशुदा था, लेकिन उसने यह सच आराधना से छिपाकर रखा।

मामला तब बिगड़ा जब आरोपी की पत्नी ने फेसबुक पर अपनी डिस्प्ले पिक्चर बदली और आराधना ने उसे देख लिया। सच सामने आते ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आराधना लगातार शादी का दबाव बनाने लगी, जिससे आरोपी परेशान रहने लगा। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने आराधना को रास्ते से हटाने की साजिश पहले ही रच ली थी। 9 मई की रात दोनों के बीच फोन पर बातचीत हुई और अगले दिन मिलने का प्लान बना।

10 मई की सुबह लोकनाथ अपनी बाइक से पंजरी प्लांट पहुंचा, जहां आराधना अपनी रिश्तेदार के साथ खड़ी थी। आरोपी ने दोनों को बाइक पर बैठाया और केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड में रिश्तेदार को बस में बैठाकर विदा कर दिया। इसके बाद वह आराधना को लेकर सक्ति निकल गया। दोनों दमाउधारा मंदिर घूमे, खाना पैक कराया और फिर गुप्ता लॉज में कमरा लिया। पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपी ने लॉज के रजिस्टर में फर्जी नाम से पति-पत्नी बनकर एंट्री की। इसी दौरान उसने बाजार से पीले हैंडल वाला सब्जी काटने का चाकू खरीदा। रात में शादी की बात को लेकर दोनों के बीच फिर विवाद हुआ।

जंगल में ले जाकर हत्या

11 मई की सुबह आरोपी आराधना को बाइक से तुमीडीह जंगल ले गया। सुनसान जंगल पहुंचने पर आराधना ने रास्ता नहीं होने की बात कही, तब आरोपी ने उसे ‘प्यार करने’ का झांसा देकर जंगल के भीतर ले गया। वहां आरोपी ने पहले पीछे से उसका गला दबाया। जब वह बेसुध होकर गिर गई तो पत्थर से उसके सिर, चेहरे और कनपटी पर कई बार वार किया। इसके बाद भी उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ। उसने चाकू से आराधना का गला रेत दिया। वार इतना खतरनाक था कि चाकू गर्दन में ही फंस गया।

हत्या के बाद आरोपी ने पहचान मिटाने के लिए मृतका के कपड़े उतार दिए, शव को पत्थरों से दबाया और सैंडल दूर फेंक दिए। इसके बाद वह डैम पहुंचा और हाथ-पैर से खून साफ कर गांव भाग गया।

लड़की की आवाज निकालकर करता रहा कॉल

पुलिस के मुताबिक आरोपी को मृतका के मोबाइल और फोन-पे का पासवर्ड पता था। हत्या के बाद उसने मृतका के मोबाइल से उसकी बहन और सहेलियों को लड़की की आवाज में कॉल किया, ताकि किसी को शक न हो। उसने मृतका के एटीएम से पैसे भी निकाले और बाद में मोबाइल तोड़कर फेंक दिया।

सीसीटीवी ने खोला राज

12 मई को जंगल में महिला की अर्धनग्न लाश मिलने के बाद पूरे रायगढ़ जिले में सनसनी फैल गई थी। रायगढ़ कोर्ट के अधिवक्ताओं ने भी मामले में जल्द खुलासे की मांग की थी। पुलिस जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध बाइक दिखाई दी। बाइक नंबर और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। पूछताछ में पहले आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर टूट गया और पूरा जुर्म कबूल कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बाइक, मोबाइल और अन्य सबूत जब्त कर लिए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी आया सामने

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी लोकनाथ पटेल के खिलाफ पहले से दुष्कर्म का मामला दर्ज है। फिलहाल पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

जंगल में मिली जूनियर महिला वकील की नग्न लाश: गला रेता, फिर पत्थर से कुचल दिया चेहरा; हत्या के बाद भी मोबाइल से आते रहे मैसेज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button