ब्रेकिंग: राजिम-रायपुर रेलवे ट्रैक पर मिली युवक की लाश, बेटे को देखने अस्पताल आया था मृतक, हादसा या आत्महत्या? जांच में जुटी पुलिस

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– मंगलवार सुबह दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। राजिम-रायपुर पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत हालत में शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटना रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार अभनपुर बायपास ओवरब्रिज के नीचे रेलवे ट्रैक के पास स्थानीय लोगों ने मंगलवार सुबह एक शव पड़ा देखा। शव की हालत इतनी भयावह थी कि मौके पर मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस को मृतक के सिर और शरीर के कई हिस्सों पर ट्रेन से टकराने के गंभीर निशान मिले।
घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक बाइक भी खड़ी मिली, जिसे मृतक की होने की आशंका है। बताया जा रहा है कि ट्रैक के ठीक सामने स्थित सोनी मल्टी अस्पताल में मृतक का बेटा भर्ती था। मृतक अपने बेटे को देखने अस्पताल आया हुआ था। ऐसे में अब सवाल उठ रहे हैं कि यह महज हादसा था या फिर आत्महत्या।
स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक मूल रूप से महासमुंद जिले के पचेड़ा क्षेत्र का रहने वाला था, जबकि उसका ससुराल ग्राम सिवनी में है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
अभनपुर पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत, नहीं हो सकी पहचान











