NSS का नशा मुक्त युवा अभियान: विद्यार्थियों ने ली नशामुक्ति की शपथ

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) गरियाबंद :– प्रेरणा कॉलेज ऑफ फार्मेसी, गरियाबंद में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में “नशा मुक्त युवा अभियान” के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करना था।

कार्यक्रम का मंच संचालन गौरव साहू ने किया। इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य यू.के. साहू, एचओडी राहुल राठौर सहित शिक्षकगण तृप्त कुमार पांडेय, प्राची जागने, कृष्णा सिंह राजपूत एवं लक्ष्मीकांत साहू उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य यू.के. साहू ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति एक गंभीर सामाजिक चुनौती है। उन्होंने कहा कि युवाशक्ति नशे के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाने और स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि फार्मासिस्ट के रूप में उनकी जिम्मेदारी और भी अधिक बढ़ जाती है, क्योंकि औषधियों के सुरक्षित एवं तर्कसंगत उपयोग में फार्मासिस्ट की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता फैलाएं

उन्होंने विशेष रूप से नारकोटिक एवं NRx श्रेणी की दवाओं के संबंध में विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए कहा कि ऐसी दवाओं का वितरण निर्धारित नियमों एवं वैध प्रिस्क्रिप्शन के अनुरूप ही किया जाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज में भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता फैलाएं।

इस अवसर पर प्राचार्य द्वारा सभी विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, नशे का सेवन न करने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय योगदान देने की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक शपथ ग्रहण करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता एवं नशामुक्त समाज के निर्माण को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को न केवल नशे से दूर रहने बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करने के लिए भी प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में गौरव साहू ने उपस्थित सभी अतिथियों, प्राचार्य, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा कार्यक्रम के सफल समापन की घोषणा की।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

गरियाबंद पुलिस और IDYM फाउंडेशन की पहल: ‘साइंस ऑन व्हील्स’ से विज्ञान के साथ साइबर सुरक्षा और नशामुक्ति का संदेश

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button