भीषण आग: कबाड़ गोदाम से उठी आग शोरूम तक पहुंची, 46 बाइक जलकर खाक, कई बाइक चोरी होने की आशंका

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक कबाड़ और प्लास्टिक गोदाम में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की ऊंची लपटों ने बगल में स्थित हीरो बाइक शोरूम को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयावह थी कि कई किलोमीटर दूर तक काले धुएं का गुबार दिखाई देता रहा और राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात तक प्रभावित हो गया। घटना रायगढ़ जिले में सारंगढ़-रायगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित छातामुड़ा रोड पर की है।
जानकारी के मुताबिक ईदी ट्रेडर्स और नगमा प्लास्टिक फर्म के कबाड़ गोदाम में शनिवार दोपहर करीब 12.30 बजे अचानक आग भड़क उठी। गोदाम में भारी मात्रा में पुराने टायर, प्लास्टिक सामग्री, कागज और ज्वलनशील कबाड़ रखा हुआ था, जिसके कारण आग तेजी से फैलती चली गई। तेज गर्मी और हवा ने आग को और भी विकराल बना दिया।
शोरूम तक पहुंची आग, बाइकें जलकर राख
गोदाम से उठी आग की लपटें बगल में स्थित आदित्य हीरो शोरूम तक पहुंच गईं। आग बढ़ते देख शोरूम प्रबंधन ने आनन-फानन में नई बाइकों को बाहर निकालना शुरू किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। शोरूम के पीछे स्थित वर्कशॉप और सर्विसिंग एरिया आग की चपेट में आ गए।
शोरूम प्रबंधन के अनुसार करीब 43 नई और पुरानी बाइक जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। वहीं बाहर निकाली गई 2 से 3 बाइक के गायब होने की बात भी सामने आई है, जिससे चोरी की आशंका जताई जा रही है। आग में शो-रूम का कंप्रेसर, बिजली वायरिंग, दीवारें और अन्य सामान भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
11 दमकल गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू
आग की सूचना मिलते ही नगर सेना, जिंदल, एनटीपीसी, अदानी और सारंगढ़ से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 11 दमकल वाहनों और दर्जनों जवानों ने घंटों मशक्कत कर आग पर काबू पाया। प्लास्टिक और टायरों के कारण आग बार-बार भड़क रही थी, जिससे दमकल कर्मियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जिला कमांडेंट ब्लासियुज कुजूर के अनुसार देर रात तक आग बुझाने का अभियान चलता रहा। रविवार सुबह तक आग लगभग नियंत्रित कर ली गई, लेकिन गोदाम के अंदर से धुआं अब भी उठता रहा।
सड़क पर लगा लंबा जाम
भीषण आग और धुएं के कारण रायगढ़-सारंगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने यातायात को डायवर्ट कर वैकल्पिक मार्गों से वाहनों की आवाजाही शुरू कराई। स्थानीय लोगों के मुताबिक यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो पास की घनी आबादी वाली बस्ती भी इसकी चपेट में आ सकती थी। फायर ब्रिगेड की तत्परता और स्थानीय लोगों की मदद से एक बड़ा हादसा टल गया।
जांच में जुटी प्रशासन
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि गोदाम के पीछे जल रहे कचरे की चिंगारी हवा के साथ गोदाम तक पहुंची, जिससे आग लगी। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
सिलेंडर ब्लास्ट का भयावह दृश्य CCTV फुटेज में कैद; देखते ही देखते आग के गोले में बदला घर-VIDEO











