इस दिन से खुलेंगे स्कूल, स्कूल शिक्षा विभाग ने जारी किए विस्तृत निर्देश
पूरे प्रदेश में मनाया जाएगा शाला प्रवेश उत्सव

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :-छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने आगामी 16 जून 2026 को पूरे प्रदेश में शाला प्रवेश उत्सव 2026 के आयोजन के निर्देश जारी किए हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप विद्यार्थियों में स्कूलों के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने और शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार 16 जून को प्रदेश के सभी शासकीय विद्यालयों में प्रवेश उत्सव मनाया जाएगा। इसके लिए सभी कलेक्टरों, जिला शिक्षा अधिकारियों, जिला मिशन संचालकों, जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश उत्सव से पूर्व विद्यालयों में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। गांवों और शहरी वार्डों में रैलियां निकालकर तथा मुनादी कराकर अभिभावकों और बच्चों को विद्यालयों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पालकों और स्कूल विकास समितियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
नवप्रवेशी बच्चों का स्वागत
निर्देशों के अनुसार सभी स्कूलों में 15 जून तक भवन, परिसर, कक्षाओं और शौचालयों की साफ-सफाई तथा आवश्यक मरम्मत कार्य पूर्ण करने होंगे। जहां आवश्यकता हो वहां रंग-रोगन एवं अन्य व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जाएंगी, ताकि विद्यार्थियों को स्वच्छ और आकर्षक वातावरण मिल सके।
प्रवेश उत्सव के दिन विद्यालयों में उत्सव जैसा माहौल बनाया जाएगा। नवप्रवेशी बच्चों का स्वागत किया जाएगा तथा उन्हें विद्यालय से जोड़ने के लिए विशेष गतिविधियों का आयोजन होगा। विभाग ने कक्षा पहली और छठवीं में प्रवेश लेने वाले बच्चों की सूची पहले से तैयार रखने तथा प्रवेश प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाने के निर्देश दिए हैं।
इसके अलावा अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि स्कूल छोड़ चुके बच्चों को पुनः विद्यालय की मुख्यधारा से जोड़ा जाए। ड्रॉपआउट बच्चों की पहचान कर उन्हें दोबारा स्कूल में प्रवेश दिलाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
स्कूल शिक्षा विभाग का मानना है कि शाला प्रवेश उत्सव के माध्यम से शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी, नामांकन में वृद्धि होगी तथा बच्चों के लिए विद्यालयों में सकारात्मक और उत्साहपूर्ण शैक्षणिक वातावरण तैयार होगा।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
गरियाबंद के तीन मेधावी विद्यार्थियों को मिला सम्मान, मिली 6 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि











