आधी रात सौतन की हत्या, खाट के पाए से पीटा, फिर आरी से रेत दिया गला, इस बात पर होता था विवाद

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में एक दिल दिहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक महिला ने अपनी सौतन की धारदार आरी से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद महिला खेत की ओर भाग गई और खून से सनी साड़ी बदलकर दोबारा घर लौट आई, ताकि किसी को उस पर शक न हो। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। मामला बालोद जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
आधी रात सो रही सौतन पर किया जानलेवा हमला
जानकारी के अनुसार नेवारीकला निवासी चिम्मनलाल साहू (40) मजदूरी करता है। करीब पांच वर्ष पहले उसने प्रेम संबंध के चलते दयाबाई सोनकर (47) को दूसरी पत्नी बनाकर अपने साथ घर में रख लिया था। तभी से उसकी पहली पत्नी अमृत बाई साहू दोनों के रिश्ते को लेकर नाराज रहती थी। सोमवार रात घर के सभी सदस्य भोजन के बाद सो गए। देर रात करीब 11 बजे अमृत बाई दूसरे कमरे में सो रही दयाबाई के पास पहुंची और पहले खाट के लकड़ी के पाए से गर्दन पर कई वार किए। इसके बाद गन्ना काटने वाली आरी से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी।
खेत में बदली साड़ी, फिर लौट आई घर
हत्या के बाद आरोपी महिला घर से निकलकर खेत पहुंची, जहां उसने खून से सनी साड़ी बदल दी। इसके बाद तड़के करीब साढ़े तीन बजे वह दोबारा घर लौट आई। इसी बीच करीब तीन बजे पति चिम्मनलाल की नींद खुली तो उसने अमृत बाई को अपने पास नहीं पाया। दूसरे कमरे में जाकर देखा तो दयाबाई खून से लथपथ मृत अवस्था में खाट पर पड़ी थी। इसके बाद ग्रामीणों और कोटवार को सूचना दी गई।
आरोपी ने कबूली जुर्म
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा, साइबर सेल और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त खाट का लकड़ी का पाया और गन्ना काटने वाली आरी बरामद की गई। फॉरेंसिक टीम ने खून सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जुटाए। पूछताछ में अमृत बाई ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि पहली पत्नी अमृत बाई पिछले करीब छह महीने से हत्या की योजना बना रही थी। पति द्वारा दूसरी पत्नी को घर में रखने और उसे अधिक महत्व देने से वह लगातार नाराज रहती थी। दोनों महिलाओं के बीच आए दिन झगड़े होते थे। इसी रंजिश के चलते उसने वारदात को अंजाम देने के लिए पहले से ही खाट का पाया और गन्ना काटने वाली आरी अलग रख ली थी।
आरोपी भेजा गया जेल
आरोपी अमृत बाई के दो बेटे हैं, जबकि मृतका दयाबाई के भी दो विवाहित बेटे हैं और उनके बच्चे भी हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
आंगन में सो रही पत्नी की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार











