छत्तीसगढ़ में मानसून का असर तेज: गरियाबंद, रायपुर, महासमुंद सहित कई जिलों में रेड अलर्ट; अगले 48 घंटे भारी बारिश की चेतावनी

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के दौरान कई जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताते हुए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही लोगों से सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में एक साथ तीन मौसम प्रणालियां सक्रिय होने के कारण व्यापक स्तर पर वर्षा हो रही है। अगले दो दिनों तक कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। लगातार बारिश के चलते निचले इलाकों में जलभराव, नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि तथा सड़क यातायात प्रभावित होने की संभावना जताई गई है।

कई जिलों में रेड अलर्ट

विभाग ने रायपुर, दुर्ग, बलौदाबाजार, राजनांदगांव, बेमेतरा, महासमुंद, बालोद, धमतरी, गरियाबंद और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, कांकेर, नारायणपुर, कोंडागांव, बस्तर और दंतेवाड़ा जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इसके अलावा सुकमा, बीजापुर और जशपुर सहित अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

लगातार हो रही बारिश

राजधानी रायपुर, गरियाबंद, महासमुंद सहित जिले में शनिवार शाम से शुरू हुई बारिश ने कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा कर दी। शंकर नगर, लोधीपारा, पंडरी और आजाद चौक सहित कई क्षेत्रों की सड़कों पर पानी भर जाने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश के अन्य जिलों से भी लगातार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित होने की खबरें मिल रही हैं।

मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि तेज बारिश के दौरान नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें, बिजली गिरने की आशंका के समय खुले स्थानों में न जाएं।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

गरियाबंद जिले में झमाझम बारिश: जतमई-घटारानी जलप्रपात हुआ गुलजार, वहीं कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित, VIDEO

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button