रायपुर में व्यापारी का अपहरण: 12 घंटे बाद सुरक्षित बरामद, मिर्जापुर से तीन आरोपी गिरफ्तार, पैसों और वाहन विवाद में किया अगवा

CCTV और तकनीकी सर्विलांस से खुली पूरी कड़ी, UP तक पहुंची पुलिस टीम

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजधानी रायपुर में एक कारोबारी के अपहरण की सूचना मिलने के महज 12 घंटे के भीतर पुलिस ने मामले की कड़ी जोड़ते हुए उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के अहरौरा से तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई में CCTV फुटेज, तकनीकी सर्विलांस, वाहन की लोकेशन, टोल संबंधी जानकारी और अंतर्राज्यीय पुलिस समन्वय अहम साबित हुआ। मामला खमतराई थाना क्षेत्र का है। 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 2 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे डीएम टावर, रांवाभाठा निवासी अनिता राय ने थाना खमतराई में सूचना दी कि उनके पति प्रतीक राय घर वापस नहीं लौटे हैं और उनका मोबाइल भी बंद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू किया।

CCTV फुटेज की जांच में सामने आया कि उसी दिन दोपहर करीब 2:28 बजे प्रतीक राय को काले रंग की UP पासिंग स्कॉर्पियो में सवार तीन अज्ञात लोगों ने जबरदस्ती अपने साथ बैठाया था। इसके बाद पुलिस ने वाहन की पहचान और उसकी गतिविधियों की तकनीकी निगरानी शुरू कर दी।

नाकाबंदी और चेकिंग शुरू कराई गई

तकनीकी सर्विलांस से पुलिस को वाहन के उत्तर प्रदेश की ओर जाने की जानकारी मिली। इसके बाद रायपुर पुलिस ने तत्काल उत्तर प्रदेश पुलिस से संपर्क कर वाहन की लोकेशन, संभावित रूट और टोल संबंधी जानकारी साझा की। चौपन, रॉबर्ट्सगंज समेत रास्ते में आने वाले पुलिस थाना क्षेत्रों को अलर्ट कर नाकाबंदी और चेकिंग शुरू कराई गई।

वाहन की लोकेशन में बदलाव के साथ पुलिस टीमों को लगातार अपडेट किया जाता रहा। इसी दौरान मिर्जापुर जिले के अहरौरा थाना पुलिस ने संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोक लिया। वाहन में सवार तीन लोगों को हिरासत में लिया गया और प्रतीक राय को बरामद किया गया।

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में वाहन और पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के चलते प्रतीक राय को जबरदस्ती साथ ले जाने की बात सामने आई है। हालांकि मामले की विस्तृत जांच और आरोपियों से पूछताछ के बाद घटनाक्रम की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी।

हिरासत में लिए गए आरोपियों की पहचान अभय सिंह (28), निवासी हनुमंत नगर चौराहा, थाना हैदरगढ़, जिला बाराबंकी; बृहस्पत देव सिंह (27), निवासी दरियावगंज, थाना सीहोर, उत्तर प्रदेश और आदर्श सिंह (24), निवासी अलावलपुर, पोस्ट अटीहार, जिला प्रतापपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस टीम आरोपियों को विधिवत कार्रवाई के लिए रायपुर लाने हेतु उत्तर प्रदेश से रवाना हो चुकी है।

पुलिस के मुताबिक, सूचना मिलने के बाद CCTV से घटना की कड़ी जोड़ने, तकनीकी सर्विलांस से वाहन की ट्रैकिंग करने और दूसरे राज्य की पुलिस से समन्वय स्थापित करने के कारण कम समय में आरोपियों तक पहुंचना संभव हुआ।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

रायपुर में शादी से मना करने पर बच्चे का अपहरण, 5 घंटे में नागपुर से बरामद, आरोपी गिरफ्तार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button