खतरे की अनदेखी पड़ी भारी, टूटे पुल से 20 फीट गहरी खाई में गिरा युवक; बैरिकेडिंग नहीं होने से हुआ बड़ा हादसा

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) किशन सिन्हा:– मानसून की पहली तेज बारिश में बह गया कुसुमबुड़ा-सारागांव-उड़ीसा सीमा मार्ग का पुल अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगा है। पुल टूटने के बाद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जाने का खामियाजा आखिरकारएक युवक को भुगतना पड़ा। गुरुवार रात अंधेरे में रास्ता नहीं समझ पाने के कारण एक युवक बाइक समेत पुल की गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और सिर में चोट लगा।
सीधे खाई में जा गिरा
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात नावडिही बम्हनी निवासी 21 वर्षीय मिथलेश कुमार बम्हनी-कोसमी क्षेत्र की ओर से लौट रहा था। रात का अंधेरा और सड़क पर पर्याप्त चेतावनी संकेत नहीं होने के कारण वह टूटे हुए पुल को नहीं देख सका और बाइक सहित वह पुल के टूटे हिस्से से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि युवक के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं, जबकि सिर में चोट लगने से वह मौके पर ही बेहोश हो गया।
112 से पहुंचाया अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। लोगों ने 112 पुलिस वाहन की मदद से गंभीर रूप से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुरा पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार युवक का उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
खतरे की अनदेखी पड़ी भारी
गौरतलब है कि मानसून की पहली ही तेज बारिश में यह पुल बह गया था, जिससे सारागांव, चुरकीदादर, कोसमी, दुल्ला, नवापारा सहित उड़ीसा सीमा से जुड़े कई गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया था। पुल टूटने के बाद खतरे को देखते हुए लगातार खबर प्रकाशन कर प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था के लिए ध्यानाकार्षण किया जा रहा था, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई।
यदि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए दोनों ओर मजबूत बैरिकेडिंग, बड़े चेतावनी बोर्ड, रात्रिकालीन रिफ्लेक्टर और सुरक्षा संकेतक नहीं लगाए जाते, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि पुल का पुनर्निर्माण होने तक तत्काल मजबूत बैरिकेडिंग, बड़े चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर और रात्रिकालीन सुरक्षा संकेतक लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
छुरा ब्रेकिंग: राहत की बारिश बनी आफत, पुलिया बहते ही आवागमन प्रभावित, दर्जनों गांवों से संपर्क टूटा











