नवापारा ब्रेकिंग: युवती पर ब्लेड से जानलेवा हमला, घर में घुसकर चेहरे पर किया वार, आरोपी ने परिवार को भी दी जान से मारने की धमकी

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नवापारा नगर में मंगलवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक नशे में धुत्त युवक ने घर में घुसकर एक युवती पर ब्लेड से हमला कर दिया। हमले में युवती के चेहरे पर गंभीर चोटे आई हैं। परिजनों ने तत्काल उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार नवापारा के कोढ़ीपारा में नशे में धुत युवक ने युवती के घर में घुसकर ब्लेड से हमला कर दिया। घटना के समय युवती के परिवार के सभी सदस्य घर पर मौजूद थे। इसी दौरान आरोपी अचानक घर के भीतर घुस आया और बिना किसी उकसावे के युवती पर ब्लेड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से परिवार के लोग घबरा गए और किसी तरह आरोपी को रोकने का प्रयास किया।
बताया जा रहा है कि आरोपी की पहचान राजा यादव के रूप में हुई है। घटना के दौरान वह नशे की हालत में था। हमला करने के बाद आरोपी ने परिवार के सदस्यों तथा मोहल्ले के लोगों को भी जान से मारने की धमकी दी, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
भय और आक्रोश का माहौल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को अस्पताल पहुंचाने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है तथा घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। परिजनों और आसपास के लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
इस घटना के बाद मोहल्ले के लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
NEWS UPDATE …..
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











