इंसानों के मुक्तिधाम में डॉग का अंतिम संस्कार! हिंदू संगठनों ने जताई आपत्ति; धार्मिक मर्यादा को लेकर उठा विवाद

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– मुक्तिधाम में पालतू कुत्ते का अंतिम संस्कार किए जाने के बाद विवाद खड़ा हो गया। घटना की जानकारी सामने आते ही स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों ने आपत्ति जताई। लोगों का कहना है कि मुक्तिधाम मानव शवों के अंतिम संस्कार के लिए निर्धारित स्थल है, ऐसे में यहां पालतू पशु का दाह संस्कार किया जाना धार्मिक परंपराओं और स्थल की मर्यादा के विपरीत है।

मामले को लेकर वार्ड क्रमांक 41 के पार्षद मोती गंगवानी ने तोरवा थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। मामला बिलासपुर में तोरवा क्षेत्र का है।

परिवार बोला- परिवार के सदस्य जैसा था डॉग 

जानकारी के मुताबिक कुदुदंड क्षेत्र में रहने वाले एक परिवार के पालतू कुत्ते की गुरुवार को मौत हो गई थी। परिवार का कहना है कि डॉग उनके लिए परिवार के सदस्य जैसा था और उसकी मौत से पूरा परिवार भावनात्मक रूप से आहत था। इसी कारण उन्होंने सम्मानपूर्वक अंतिम विदाई देने का निर्णय लिया। परिवार के अनुसार, अनुमति लेकर हिंदू रीति-रिवाज से कुत्ते का अंतिम संस्कार किया गया। उनका कहना है कि उनका उद्देश्य किसी की धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाना नहीं था।

2 हजार रुपये लेकर दाह संस्कार कराने का आरोप

वहीं, विरोध करने वाले लोगों का आरोप है कि मुक्तिधाम के केयरटेकर ने कथित तौर पर 2 हजार रुपये लेकर कुत्ते के दाह संस्कार की अनुमति दी। स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि इसके लिए नगर निगम से किसी प्रकार की अनुमति नहीं ली गई थी। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

पार्षद पहुंचे मुक्तिधाम, थाने में दी शिकायत

घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग, हिंदू संगठन और पार्षद मोती गंगवानी मुक्तिधाम पहुंचे। वहां लोगों ने पशु के दाह संस्कार को लेकर विरोध जताया। पार्षद ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि इंसानों के अंतिम संस्कार के लिए निर्धारित मुक्तिधाम में जानवर का दाह संस्कार किया गया, जिससे धार्मिक परंपराओं और जनभावनाओं को ठेस पहुंची है।

पुलिस जुटा रही जानकारी

तोरवा थाना प्रभारी रजनीश सिंह के मुताबिक, एक परिवार अपने मृत पालतू कुत्ते को मुक्तिधाम लेकर पहुंचा था। वहां मौजूद एक युवक से बातचीत के बाद कुत्ते का दाह संस्कार कराया गया। पुलिस के अनुसार, उक्त युवक पहले भी पालतू जानवरों का अंतिम संस्कार कराने की बात कहता था। घटना के बाद संबंधित युवक के फरार होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस परिवार की भूमिका और पूरे घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जानकारी जुटा रही है।

फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत कराया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

पालतू कुत्ते ने युवक के गुप्तांग को काटा, पत्नी ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट, कुत्ते मालिक पर FIR दर्ज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button