नवापारा ब्रेकिंग: सड़क पर अचानक सामने आई गाय, बचाने के प्रयास में बाउंड्रीवाल से टकराई कार

ग्रामीणों ने स्ट्रीट लाइट और मवेशियों की समस्या पर उठाए सवाल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नवापारा नगर क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग NH-130 पर मुख्य मार्ग में मवेशियों का जमावड़ा वाहन चालकों के लिए लगातार खतरा बनता जा रहा है। सड़क पर दिन-रात गायों के झुंड बैठे और खड़े नजर आते हैं। वहीं पर्याप्त स्ट्रीट लाइट नहीं होने से रात के समय खतरा और बढ़ जाता है। 12 अगस्त बुधवार रात करीब 8 बजे एक कार हादसे का शिकार हो गया।

जानकारी के अनुसार, कार क्रमांक CG04PS6642 रायपुर से गरियाबंद की ओर जा रही थी। तभी ग्राम कुर्रा के पास अचानक एक गाय कार के सामने आ गई। अंधेरा होने के कारण चालक को गाय नजर आने में देर हुई। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक कार मोड़ी और कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित बाउंड्रीवाल से जा टकराई।

गनीमत यह रहा कि हादसे में कार सवार लोगों को गंभीर चोट नहीं आई और बड़ी जनहानि टल गई। हालांकि कार को काफी नुकसान पहुंचा है। इस घटना के बाद एक बार फिर NH-130 पर आवारा मवेशियों और प्रकाश व्यवस्था की बदहाल स्थिति को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

सड़क पर मवेशी, ऊपर से अंधेरा

स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक कुर्रा के मुख्य मार्ग पर लंबे समय से मवेशियों का जमावड़ा रहता है। दिन में तो वाहन चालक किसी तरह इन्हें देखकर संभल जाते हैं, लेकिन रात के समय स्ट्रीट लाइट के अभाव में सड़क पर बैठे या खड़े मवेशी अचानक सामने आने पर स्थिति बेहद खतरनाक हो जाती है।

ग्रामीणों का कहना है कि मवेशियों को हटाने और सड़क किनारे सुरक्षित व्यवस्था करने के साथ ही इस मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था जरूरी है। यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।

हादसे के बाद फिर उठा प्रशासन से सवाल

NH-130 जैसे व्यस्त मार्ग पर मवेशी और अंधेरा सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से सड़क से मवेशियों को हटाने, उनके लिए सुरक्षित व्यवस्था करने तथा मार्ग पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की है। 

सवाल यह है कि सड़क सुरक्षा को लेकर, बैठकें, जन जागरूकता और कार्यशाला का आयोजन करने वाला प्रशासन खुद कब जागेगा? क्या सड़क सुरक्षा केवल बैठकों तक ही सीमित रहेगी या जमीनी कदम भी उठाए जाएंगे? या किसी बड़े हादसे या जनहानि का इंतजार किया जा रहा है ?

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

नवापारा ब्रेकिंग: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर फिल्मी स्टाइल में पलटी, वाहन के उड़े परखच्चे, चार युवक चमत्कारिक रूप से…

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button