होटल के कमरे में युवक ने की प्रेमिका की हत्या, फिर रेता खुद का गला

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजधानी रायपुर में होटल के कमरे में एक युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कमरे में युवक और युवती ठहरे हुए थे। दोपहर करीब 3 से 3:15 बजे के बीच कमरे से युवती के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। होटल स्टाफ के मौके पर पहुंचने पर दोनों गंभीर रूप से घायल हालत में मिले। युवती को अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि युवक का उपचार जारी है। मामला गंज थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार झूलेलाल चौक के पास स्थित होटल बंसल पैराडाइज के तीसरे तल के 14 अगस्त की दोपहर करीब 3 बजे होटल स्टाफ ने तीसरी मंजिल स्थित कमरे से युवती के चिल्लाने की आवाज सुनी। कर्मचारी कमरे के पास पहुंचे, लेकिन अंदर से दरवाजा बंद था। होटल कर्मचारियों ने खिड़की तोड़कर अंदर देखा तो युवक अपने गले पर चाकू से वार करता हुआ दिखाई दिया। कमरे के अंदर युवती भी लहूलुहान और अचेत अवस्था में पड़ी थी। होटल प्रबंधन ने तत्काल गंज थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही गंज थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से मेकाहारा अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों ने युवती को मृत घोषित कर दिया, जबकि युवक का उपचार शुरू किया गया। पुलिस के मुताबिक युवक की सर्जरी की गई है और फिलहाल उसकी हालत के संबंध में चिकित्सकीय निगरानी जारी है।
युवक कर रहा भर्ती की तैयारी
पुलिस के अनुसार मृत युवती की पहचान रिमन मंडावी, निवासी तारमटोला, जिला मोहला-मानपुर, थाना अंबागढ़ चौकी क्षेत्र के रूप में हुई है। वह लाभांडी स्थित कृषि विश्वविद्यालय में एमएससी (एक्सटेंशन) प्रथम वर्ष की छात्रा थी। वहीं युवक की पहचान किशन कुमार भारद्वाज (26), पिता राजेंद्र प्रसाद भारद्वाज, निवासी दशवंतपुर गोसाईंपुर, वाराणसी, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह वर्तमान में सशस्त्र बलों में भर्ती की तैयारी कर रहा था।
हत्या का मामला दर्ज
पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और होटल के सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन के आधार पर पुलिस ने युवक किशन कुमार भारद्वाज के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार युवक ने घटना के बाद खुद को भी चाकू से घायल किया है। गंभीर चोटों के चलते उसका मेकाहारा अस्पताल में उपचार जारी है। घटना की जानकारी मृत युवती और युवक, दोनों के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस घटना के पीछे के कारणों की जांच कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











