नवविवाहिता की फंदे पर लटका मिला शव, पति पर एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का आरोप, डेढ़ साल पहले हुई थी शादी

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– 23 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर के कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटका मिला। घटना से पहले पति-पत्नी के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। मायके पक्ष ने पति पर प्रताड़ना और कथित प्रेम संबंध को लेकर विवाद के आरोप लगाए हैं। मामला दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र का है।

डेढ़ साल पहले हुई थी शादी

जानकारी के अनुसार मृतका रवीना यादव मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जौनपुर की रहने वाली थी। करीब डेढ़ साल पहले उसकी शादी विपुल यादव से हुई थी। दोनों की कोई संतान नहीं थी। बताया गया है कि विपुल काम के सिलसिले में उमरपोटी में अपने चाचा के साथ रहता था और प्लंबरिंग का काम करता था। 15 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे मायके पक्ष को रवीना की मौत की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही जौनपुर से परिजन दुर्ग पहुंचे।

इसके बाद 16 अगस्त को महिला चिकित्सकों की गठित टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम के बाद पिता लल्लन यादव सहित मायके के परिजन शव लेकर जौनपुर रवाना हो गए।

प्रेम संबंध को लेकर विवाद का आरोप

मृतका के मामा साहब लाल यादव के मुताबिक 14 अगस्त की रात रवीना और उसका पति विपुल यादव घर पर मौजूद थे। इसी दौरान पति की कथित प्रेमिका के घर पहुंचने की जानकारी सामने आई। इसे लेकर रवीना और उसके पति के बीच विवाद हुआ। मायके पक्ष का आरोप है कि विवाद के बाद रवीना को कमरे में बंद कर दिया गया और उसका पति कथित प्रेमिका के साथ बाहर चला गया।

रात में 17 बार फोन करने का दावा

परिजनों के अनुसार, रात करीब 12 बजे से 2 बजे के बीच रवीना ने अपने पति को करीब 17 बार फोन किया, लेकिन कथित तौर पर किसी कॉल का जवाब नहीं मिला। मायके पक्ष का दावा है कि रवीना काफी तनाव में थी और उसने खुद को या पति को कुछ कर लेने जैसी बातें कही थीं। पुलिस अब मोबाइल फोन और कॉल डिटेल के जरिए विवाद की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है।

परिजनों के मुताबिक, विवाद के बाद रवीना ने कमरे में पंखे से दुपट्टा बांधकर फांसी लगा ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं होने की जानकारी है। रवीना नवविवाहिता थी, इसलिए पुलिस ने नियमानुसार महिला कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई कराई।

मोबाइल और कॉल डिटेल की जाँच

उतई पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। फिलहाल पुलिस मृतका के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल, पति-पत्नी के बीच हुए विवाद और कथित विवाहेतर संबंध से जुड़े तथ्यों पर जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना से पहले रवीना की किन लोगों से बातचीत हुई थी और उसके अंतिम घंटों में परिस्थितियां कैसी थीं।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल और कॉल डिटेल समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी। मायके पक्ष के आरोपों की पुष्टि भी जांच पूरी होने के बाद ही हो पाएगी।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

शादी के 5 महीने बाद नवविवाहिता ने की आत्महत्या, फांसी पर झूलता मिला शव, पुलिस ने कही ये बात

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button