साइबर अपराध के खिलाफ छत्तीसगढ़ पुलिस का ‘साइबर जागृति अभियान’, आप भी सेल्फी लेकर फैलाएं साइबर जागरूकता का संदेश

सेल्फी लें, सोशल मीडिया पर शेयर करें और बनें साइबर जागरूकता के प्रहरी

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) गरियाबंद :– साइबर अपराधों के प्रति आम लोगों को जागरूक करने और छत्तीसगढ़ को साइबर क्राइम मुक्त बनाने के संकल्प के साथ छत्तीसगढ़ पुलिस 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशव्यापी ‘साइबर जागृति अभियान’ चलाएगी। सात सप्ताह तक चलने वाले इस अभियान के माध्यम से सोशल मीडिया और जनभागीदारी के जरिए साइबर अपराधों से बचाव का संदेश गांव से लेकर शहर तक पहुंचाया जाएगा।

अभियान का शुभारंभ राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री द्वारा किया गया। वहीं गरियाबंद जिले में पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने प्रेसवार्ता के दौरान अभियान का लिंक और क्यूआर कोड जारी कर इसकी शुरुआत की। एसपी ने स्वयं क्यूआर कोड स्कैन कर जागरूकता संदेश वाली सेल्फी ली और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। उन्होंने जिलेवासियों से भी अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।

सेल्फी सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर करें

अभियान की मुख्य थीम ‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ रखी गई है। इसके तहत लोग छत्तीसगढ़ पुलिस या जिला पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल पर जारी लिंक पर क्लिक कर अथवा क्यूआर कोड स्कैन कर जागरूकता संदेश वाली सेल्फी फ्रेम में अपनी तस्वीर ले सकेंगे। इसके बाद सेल्फी को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर करेंगे। पुलिस का मानना है कि लाखों लोगों द्वारा सेल्फी शेयर किए जाने से साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता का संदेश उनके दोस्तों, फॉलोअर्स और अन्य लोगों तक तेजी से पहुंचेगा।

एसपी वेदव्रत सिरमौर ने कहा कि जिस तरह देश की आजादी के लिए देशवासी एकजुट हुए थे, उसी तरह साइबर अपराध के खिलाफ भी सभी को मिलकर जागरूकता फैलानी होगी। उन्होंने सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों, संस्थानों, गणमान्य नागरिकों, सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स और कलाकारों से अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि जागरूकता की एक सेल्फी लेकर उसे सोशल मीडिया पर साझा करना भी साइबर अपराध रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान हो सकता है।

 https://cgpolice-cyberjaagrutiabhiyaan.com/  ( सेल्फ़ी लेने के लिए क्लिक करें )

सात सप्ताह अलग-अलग कार्यक्रम

अभियान के सात सप्ताह में अलग-अलग विषयों पर कार्यक्रम आयोजित होंगे। पहले सप्ताह स्कूल-कॉलेजों में डिजिटल सतर्कता और बुनियादी सुरक्षा, दूसरे सप्ताह बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों में वित्तीय धोखाधड़ी और यूपीआई सुरक्षा, तीसरे सप्ताह वरिष्ठ नागरिकों के बीच डिजिटल अरेस्ट और फर्जी कॉल, चौथे सप्ताह महिला कॉलेजों एवं सामुदायिक समूहों में स्मार्टफोन प्राइवेसी और सुरक्षित ब्राउजिंग, पांचवें सप्ताह युवाओं के बीच जॉब फ्रॉड और फिशिंग, छठे सप्ताह डेटा प्राइवेसी एवं सोशल मीडिया की सीमाओं को लेकर जागरूकता कार्यक्रम होंगे।

अभियान के सातवें सप्ताह ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में गांधी जयंती के अवसर पर ‘साइबर मुक्त छत्तीसगढ़’ का संकल्प दिलाया जाएगा। जिला पुलिस एवं स्थानीय थानों द्वारा चौक-चौराहों, बाजारों, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर-बैनर के माध्यम से भी अभियान का प्रचार किया जाएगा। सोशल मीडिया और वाट्सऐप ग्रुपों के जरिए क्यूआर कोड एवं लिंक साझा कर अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। अभियान का समापन 2 अक्टूबर 2026 को गांधी जयंती के दिन होगा।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

गरियाबंद पुलिस और IDYM फाउंडेशन की पहल: ‘साइंस ऑन व्हील्स’ से विज्ञान के साथ साइबर सुरक्षा और नशामुक्ति का संदेश

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button