नहर में मिला महिला का शव, इस बात की जताई जा रही आशंका

शनिदेव मंदिर के पास पानी में मिला शव, आसपास के गांवों और जिलों में भेजी गई सूचना

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नहर में रविवार को एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नहर के पास से गुजर रहे लोगों ने पानी में शव पड़ा देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। घटना दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार जिले के डुंडेरा गांव के पास शनिदेव मंदिर के नजदीक तंदुला नहर में रविवार को एक अज्ञात महिला का शव देखा गया। लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही उतई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। महिला की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

नहर में बहकर पहुंचने की आशंका

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला का शव नहर में कहीं दूसरी जगह से बहकर डुंडेरा के पास पहुंचा हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में अभी किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है। आसपास के लोगों से भी महिला के बारे में जानकारी जुटाई गई, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी।

पहचान के लिए आसपास के थानों से संपर्क

पुलिस महिला की पहचान के लिए आसपास के गांवों और थानों से संपर्क कर रही है। हाल के दिनों में क्षेत्र या आसपास के इलाकों से किसी महिला के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज हुई है या नहीं, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। इसके अलावा आसपास के जिलों में भी महिला के शव मिलने की सूचना भेजी गई है, ताकि पहचान होने में मदद मिल सके।

मौत का कारण जांच और पोस्टमार्टम के बाद होगा स्पष्ट

महिला की मौत नहर में डूबने से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल उतई थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

एनीकट पर काई बनी हादसे की वजह, बाइक फिसलने से नदी में गिरे दो युवक; एक की मौत

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button