दर्दनाक हादसा: डिवाइडर से टकराकर ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसी एंबुलेंस, नर्स की मौके पर मौत

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गुरुवार सुबह नेशनल हाईवे पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक नर्स की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रायपुर से जगदलपुर लौट रही एक एंबुलेंस अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी। एंबुलेंस में फंसे शव को बाहर निकलवाकर जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं घायलों को भी उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार जगदलपुर के कंगोली डोंगरीपारा निवासी 72 वर्षीय राजेंद्र खत्री विभिन्न बीमारियों से पीड़ित थे। उन्हें इलाज के लिए डिमरापाल स्थित निजी अस्पताल से रायपुर के एसएमसी अस्पताल ले जाया गया था।
बुधवार रात करीब 9 बजे मां दंतेश्वरी एंबुलेंस क्रमांक CG 04 NE 3598 से चालक अतुल बघेल मरीज को लेकर रायपुर के लिए रवाना हुआ था। गुरुवार तड़के करीब 3 बजे एंबुलेंस एसएमसी अस्पताल पहुंची। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने राजेंद्र खत्री को मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद परिजन शव को लेकर इसी एंबुलेंस से जगदलपुर लौट रहे थे। गुरुवार सुबह करीब 4:30 बजे एंबुलेंस रायपुर से रवाना हुई। इसमें मृतक के पुत्र देवेंद्र खत्री, उनकी पत्नी उषा खत्री, बेटी मीनाक्षी और महारानी अस्पताल की नर्स शबनम खान समेत अन्य लोग सवार थे।
संबलपुर के पास अनियंत्रित हुई एंबुलेंस
बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे संबलपुर के पास अचानक एंबुलेंस चालक अतुल बघेल वाहन से नियंत्रण खो बैठा। एंबुलेंस पहले डिवाइडर से टकराई और इसके बाद आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस में सवार 35 वर्षीय नर्स शबनम खान की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मृतक राजेंद्र खत्री के पुत्र देवेंद्र, उनकी पत्नी उषा और बेटी मीनाक्षी घायल हो गए।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही अर्जुनी पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एंबुलेंस में फंसे शव को बाहर निकलवाया गया और जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने हादसे के संबंध में जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और एंबुलेंस चालक का वाहन से नियंत्रण कैसे बिगड़ा, इसकी जांच की जा रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
दर्दनाक सड़क हादसा: यात्री बस ने बाइक सवार को कुचला, मौके पर मौत; टक्कर के बाद दूर तक घसीटते रहा युवक











